जयपुर

देखें ‘डकैती’ LIVE VIDEO: … तो जयपुर में हो जाती देश की सबसे बड़ी बैंक डकैती, लुटने से बचे 925 करोड़

- नकाबपोश हथियारबंद बदमाश दे रहे थे वारदात को अंजाम, बैंक में थे सवा नौ सौ करोड़ की नकदी

2 min read
Feb 06, 2018
jaipur bank robbery

जयपुर।

कार में सवार होकर एक दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने देर रात गार्ड को बंधक बनाकर एक्सिस बैंक में डकैती का प्रयास किया। डकैतों ने बैंक के बाहर तैनात गार्ड को बंधक बना लिया और बैंक में घुसने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां तैनात सिपाही ने बदमाशों को बैंक में घुसता देखकर पहले तो उन्हें चेतावनी दी। बदमाश जब उसकी तरफ बढऩे लगे तो सिपाही ने उस पर फायर कर दिया। इस पर बदमाश अपनी कार में सवार होकर मौके से भाग निकले।

सूचना पर अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन डकैतों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। बैंक में करीब सवा नौ सौ करोड़ रुपए राशि बताई जा रही है जोकि लुटने से बच गई। यह एक्सिस बैंक की चेस्ट ब्रांच है, जहां पर प्रदेश भर के सभी बैंकों की राशि जमा व सप्लाई की जाती है।

घटना की सूचना पर पुलिस व बैंक प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब ढाई बजे की है। रात को कार में सवार होकर आए एक दर्जन हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने रमेश मार्ग सी स्कीम स्थित एक्सिस बैंक के बाहर तैनात गार्ड प्रमोद को मारपीट कर बंधक बना लिया और उसके हाथ-पांव बांध कर उसे एक कौने में डाल दिया।

इसके बाद बदमाशों ने गार्ड से बैंक की चाबी मांगी, लेकिन उसने अपने पास चाबी नहीं होने की बात कहीं। इस पर डकैतों ने बैंक का ताला तोडऩे का प्रयास किया। इसी दौरान वहां पर तैनात सिपाही ने बैंक में बदमाशों को देखकर उन्हें ललकारा तो डकैतों ने सिपाही पर हमले का प्रयास किया। इस पर सिपाही ने डकैतों पर हवाई फायर किया। फायर करने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। डकैतों की उम्र पच्चीस से तीस साल के बीच बताई जा रही है।

जांच अधिकारी एसआई रामजीलाल ने बताया कि बैंक व घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई है, लेकिन बदमाशों को लेकर फिलहाल कोई खास जानकारी सामने नहीं आ पाई है। घटना स्थल पर से साक्ष्य लिए जा रहे है। घटना स्थल पर एफएसएल व डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

बैंक के अंदर तैनात थे चार सुरक्षाकर्मी
थानाधिकारी धमेंद्र कुमार ने बताया कि बैंक के अंदर पुलिस लाइन से कांस्टेबल सीताराम व अन्य तीन सुरक्षाकर्मी तैनात थे। इसके अलावा बैंक के बाहर निजी सिक्सोरिटी कम्पनी का गार्ड प्रमोद भी तैनात था। डकैतों ने प्रमोद के रस्सी से हाथ-पांव बांध दिए और मुहं पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद डकैत बैंक में घुसने लगे। इस पर सीताराम ने बदमाशों को पहले तो ललकारा और फिर उन पर फायर कर दिया।

फायर की आवाज सुनकर अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां पर पहुंच गए। यह देखकर बदमाश कार में सवार होकर भाग निकले। इसके बाद प्रमोद को सुरक्षाकर्मियों ने बंधनमुक्त करवाया। कांस्टेबल सीताराम व अन्य सुरक्षाकर्मियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

बदमाश इर्टिगा या इनोवा जैसी कार में सवार होकर आए थे जिनकी संख्या करीब 12-13 बताई जा रही है। बैंक में करीब सवा नौ सौ करोड़ रुपए बताए जा रहे है। बैंक प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी है।

Updated on:
06 Feb 2018 10:38 am
Published on:
06 Feb 2018 10:30 am