
भानपुरा. पर्यटन क्षेत्र चतुर्भुजनाथ के नाला कुंड में शनिवार दोपहर बाद झालावाड़ जिले के झालरापाटन से परिवार सहित पिकनिक मनाने आए मोहम्मद सोहेब (21) पुत्र शमशुद्दीन की डूबने से मौत हो गई।
भोजन करने के बाद युवक पास ही नाला देखने गया था। वहां पैर फि सल जाने से वह नाले में स्थित कुंड में गिर गया और तैरना नहीं आने से डूब गया।
कुंड में मछलियां पकड़ रहे भील समाज के कुछ युवकों ने सोहेब को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से बचा नहीं पाए। सूचना पर 100 डायल भानपुरा एवं गांधी सागर मौके पर पहुंची।
भानपुरा में निवासरत युवक के रिश्तेदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने कुंड में खोजबीन कर युवक के शव को निकाला।
परिजनों व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। यहां सरकारी चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद गांधी सागर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। सोहेब को करीब 4 दिन पहले ही नर्सिंग की डिग्री प्राप्त हुई थी।
Published on:
27 Aug 2016 10:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
