
Jaipur Vaishali Nagar Cafe Owner Murder Case: जयपुर में जानलेवा हमले में घायल कैफे संचालक मयंक गोपालिया (34) की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले 11 दिन से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। 5 नवंबर की रात कैफे बंद कर घर लौटते समय बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनका ऑपरेशन भी करना पड़ा था।
पुलिस के अनुसार, हमले की वजह कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकना था। महिला कर्मचारी का दोस्त मोहम्मद शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे आता था। इस बात पर मयंक ने आपत्ति जताई थी। इसे लेकर शाहरुख ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 5 नवंबर की रात शाहरुख ने अपने साथियों के साथ मिलकर मयंक पर हमला कर दिया। वैशाली नगर थाना पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार कर चुकी है।
वैशाली नगर थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। मयंक गोपालिया कैफे बंद करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर गली के मोड़ के पास पहले से मौजूद बदमाश पीछे से दौड़कर आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर उन पर लगातार वार करते रहे। मयंक को मरा हुआ समझकर आरोपी बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।
हमले में मयंक के सिर पर गंभीर चोट आई थी। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए सिर का ऑपरेशन करना पड़ा। इसके बाद से उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मयंक वैशाली नगर के रहने वाले थे और वैशाली मार्ग पर 'ओवन द बेकरी' नाम से कैफे संचालित करते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी का दोस्त मोहम्मद शाहरुख उससे मिलने अक्सर वहां आता था। इस बात को लेकर मयंक ने आपत्ति जताई थी। 5 नवंबर को दिन में भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि शाहरुख ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद रात को शाहरुख ने अपने साथियों के साथ मिलकर मयंक पर हमला कर दिया। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।