
Jaipur CNG Crisis News: जयपुर: सीएनजी पंपों पर लगी कतार सिर्फ वाहन चालकों की परेशानी नहीं, जयपुर की अर्थव्यवस्था के लिए भी नुकसानदेय बन गई है। शहर के 38 सीएनजी स्टेशनों पर एक-एक किलो गैस के लिए सीएनजी कार, ऑटो चालक सुबह से रात तक औसतन तीन-तीन घंटे कतार में लग रहे हैं। ऐसे में शहर में 60 हजार से ज्यादा सीएनजी कार और ऑटो चालकों की कमाई भी दिन भर में 30 से 35 प्रतिशत तक घट रही है। 3 घंटे कतारों में लगने के बाद जब पूरे दिन का हिसाब लगाया जा रहा है तो अप्रत्यक्ष तौर पर शहर की अर्थव्यवस्था को 75 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का नुकसान रोजाना हो रहा है।
जयपुर शहर में सीएनजी वाहनों की संख्या के मुकाबले गैस सप्लायर टोरेंट कंपनी सीएनजी नेटवर्क का विस्तार नहीं कर सकी है। अभी स्थिति ऐसी है कि शहर में 38 सीएनजी स्टेशन हैं और औसतन एक सीएनजी स्टेशन पर 1750 सीएनजी वाहनो का भार आ गया है। भार के मुकाबले सीएनजी की मांग भी 1.50 लाख किलो की जगह 1 लाख किलो से भी पार निकल गई है।
पड़ताल में यह भी सामने आया है कि शहर में सीएनजी सप्लाई का नेटवर्क भी कमजोर है। पाइप लाइन की जगह 90 फीसदी पंपों पर टैंकरों के जरिए गैस सप्लाई हो रही है। ऐसे में दिन कभी भी पंप ड्राई होने हो जाते हैं।