
जयपुर। खोह नागोरियान के करीम नगर तलाई में अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट में आग लगने से 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी फिरोज को गाजियाबाद (उप्र) से पकड़ा। पटाखा फैक्टरी में काम आने वाली विस्फोटक सामग्री का कच्चा माल दिल्ली-यूपी से मंगाया जाता था जबकि आठ लोगों की जान ले चुकी फैक्टरी से जुड़े हिस्ट्रीशीटर कयूम खान को सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में अवैध विस्फोटक कारोबार के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि आरोपी फिरोज गाजियाबाद (उप्र) में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे 26 दिन बाद पकड़ा है। पुलिस ने इनपुट मिलने के बाद आरोपी को धरदबोचा। सामने आया कि फिरोज दिल्ली और गाजियाबाद से बारूद तथा पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मंगवाकर जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में अवैध फैक्टरी संचालित कराता था।
थानाधिकारी प्रकाशराम ने बताया कि अवैध पटाखा फैक्टरी के एक अन्य मामले में हिस्ट्रीशीटर कयूम खान (50) को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। कयूम खोह नागोरियान का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार उसकी पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट और आग लगने की घटना में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। आरोपी कयूम खान के खिलाफ मालवीय नगर, ज्योति नगर, महुवा (दौसा) और खोह नागोरियान थानों में मारपीट, राजकार्य में बाधा, अवैध आबकारी, धोखाधड़ी, दुष्कर्म के प्रयास, हत्या के प्रयास तथा विस्फोटक अधिनियम सहित 11 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अवैध पटाखा फैक्टरियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए खोह नागोरियान थाना पुलिस ने करीब 25 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की है। टीम क्षेत्र के संकरे और घनी आबादी वाले इलाकों में घर-घर जाकर सर्च और सत्यापन अभियान चला रही है। पुलिस संदिग्ध स्थानों की जांच कर रही है और लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पटाखा निर्माण, बारूद का भंडारण या विस्फोटक सामग्री का कारोबार संचालित हो रहा हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।