
Jaipur Crime News: जयपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आईटी कंपनी के दो मालिकों का अपहरण कर उनसे 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी राहुल और दिनेश 19 मार्च की शाम एक कॉल आया। जिसमें उन्हें USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में निवेश का लालच देकर मिलने बुलाया। राहुल और दिनेश मानसरोवर स्थित इस्कॉन मंदिर के पास आईटी कंपनी चलाते हैं।
दोनों शाम करीब 7 बजे तय स्थान पर पहुंचे, जहां पहले से घात लगाए बैठे 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें कार में जबरन बैठा लिया और उनका अपहरण कर लिया।
अपहरण के बाद बदमाशों ने पीड़ितों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए उनके परिजनों को कॉल किया। कॉल में 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई और रकम लेकर गौनेर पहुंचने को कहा गया। परिजनों ने बड़ी सुझबुझ के साथ काम लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने फिरौती देने के बहाने बदमाशों का पीछा करना शुरू किया।
बदमाश लगातार लोकेशन बदलते रहे। वे गोनेर से हिंगोनिया गौशाला, इंदिरा गांधी नगर, खो नागोरियान, कानोता होते हुए बस्सी तक पहुंचे। इसके बाद नायला और जामडोली के जंगलों में घूमते रहे। लगातार पुलिस दबाव बढ़ने के कारण आखिरकार शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे बदमाश दोनों को गलता के जंगलों में कार सहित छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया, जिससे पता चला कि यह वाहन मानसरोवर की एक रेंटल कंपनी का था। पुलिस तुरंत कंपनी के ऑफिस पहुंची और कार में लगे GPS सिस्टम के जरिए बदमाशों की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके अलावा, अच्छी बात ये रही की दोनों के मोबाइल नंबर चालू होने से भी पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली। फिलहाल एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।