
जयपुर: सिरसी रोड स्थित ऑफिसर्स कैंपस में 50 लाख रुपए के जेवरात की चोरी का वैशाली नगर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जिस नौकरानी पर परिवार ने घर की चाबियों तक का भरोसा जताया था, उसी ने मौका पाकर सोने और डायमंड के कीमती आभूषण पार कर दिए। पुलिस ने चोरी करने वाली घरेलू सहायिका (नौकरानी) और चोरी के जेवर बेचने में उसकी मदद करने वाले उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, घटना की रिपोर्ट ऑफिसर्स कैंपस निवासी उमेश कुमार शर्मा ने 6 अगस्त को दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए तैयार हो रही थीं। उसने अलमारी खोलकर जेवर निकालने चाहे, तो पता चला कि डायमंड और सोने के करीब 50 लाख रुपए की कीमत के पुश्तैनी व कीमती आभूषण तथा 8 हजार रुपए की नकदी गायब थी।
सोमवार को पुलिस ने खातीपुरा स्थित बुनकर कॉलोनी से संदिग्ध किराएदार विकास मीणा और उसकी पत्नी मोनिका मीणा को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य सामने रखे तो वे टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। चोरी के इस मामले में पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के खुलासे में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल देवेंद्र और दीपचंद की अहम भूमिका रही। विकास मीणा (19) मूल रूप से केशवरायपाटन के संग्रामगंज का रहने वाला है, जबकि उसकी पत्नी मोनिका मीणा (20) उनियारा के झुंडवा की निवासी है। फिलहाल, दोनों खातीपुरा में किराए पर रह रहे थे। पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर बेचे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस टीम ने इलाके में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और मैनिपुलेशन के आधार पर पुलिस का शक घर में सफाई व काम करने वाली मोनिका मीणा पर गहराया। पुलिस ने मोनिका को खातीपुरा स्थित उसके घर से पकड़ा।