जयपुर

जयपुर के मैक्स हाइट्स अपार्टमेंट में बड़ा हादसा, झूला टूटने से 12 वर्षीय बच्ची के नाक की हड्डी टूटी, चेहरा लहूलुहान

Swing Breaks in Jaipur Garden: जयपुर के हरमाड़ा स्थित मैक्स हाइट्स अपार्टमेंट में झूला टूटने से 12 वर्षीय बच्ची गंभीर घायल हो गई। हादसे में नाक की हड्डी टूटी और चेहरे पर चोट आई। मेंटेनेंस कंपनी की लापरवाही पर केस दर्ज हुआ।
2 min read
Mar 31, 2026
Jaipur Max Heights Apartment Mishap Girl Injured as Swing Collapses FIR Filed Against
हरमाड़ा स्थित मैक्स हाइट्स अपार्टमेंट का मामला (फोटो- पत्रिका)

Jaipur Max Heights Apartments Swing Accident: राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में स्थित मैक्स हाइट्स अपार्टमेंट (सनसिटी) में रविवार शाम एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। अपार्टमेंट के गार्डन में खेल रही एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गई, जब जर्जर अवस्था में खड़े झूले का भारी-भरकम स्टैंड अचानक उखड़कर उसके चेहरे पर गिर पड़ा।

हादसे में बच्ची की नाक की हड्डी टूट गई है और चेहरे पर गहरे जख्म आए हैं। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट परिसर में हड़कंप मच गया और निवासियों ने मेंटेनेंस कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

नानी के घर आई थी मासूम, लापरवाही ने दिया जिंदगी भर का जख्म

जानकारी के अनुसार, घायल बच्ची आशी पारीक (12) अपनी मां के साथ हरमाड़ा स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। रविवार की छुट्टी होने के कारण वह शाम को अपार्टमेंट के पार्क में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।

जैसे ही आशी ने वहां लगे झूले का इस्तेमाल शुरू किया, जंग लगा और कमजोर हो चुका झूले का स्टैंड अचानक टूट गया। भारी लोहे का ढांचा सीधे आशी के चेहरे पर जा गिरा, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की नाक पर गंभीर फ्रैक्चर (हड्डी टूटना) हुआ है और चेहरे पर गहरी चोटों के कारण उसकी स्थिति काफी दर्दनाक है।

निवासियों का आक्रोश

इस हादसे ने अपार्टमेंट में रहने वाले 350 से अधिक परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों का आरोप है कि अपार्टमेंट की मेंटेनेंस कंपनी हर महीने निवासियों से भारी-भरकम शुल्क वसूलती है, लेकिन सुविधाओं और उपकरणों के रखरखाव के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पार्क में लगे झूले लंबे समय से जर्जर थे और उनमें जंग लगा हुआ था। कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी ने इनकी मरम्मत की जहमत नहीं उठाई। निवासियों ने दोटूक कहा, "यदि समय रहते इन झूलों की जांच और वेल्डिंग करा दी जाती, तो आज एक मासूम बच्ची अस्पताल के बिस्तर पर दर्द से नहीं कराह रही होती।

मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरमाड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थानाधिकारी उदय यादव ने बताया कि सोमवार को बच्ची के पिता अश्वनी पारीक की ओर से लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर अपार्टमेंट की संबंधित मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Updated on:
31 Mar 2026 08:17 am
Published on:
31 Mar 2026 08:17 am