जयपुर

जयपुर निकाय चुनाव में बागियों ने बढ़ाई टेंशन: 17 वार्डों में सीधी टक्कर तो 35 में त्रिकोणीय मुकाबला, कौन मारेगा बाजी?

जयपुर नगर निगम चुनाव के तहत नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 150 वार्डों में 723 प्रत्याशी मैदान में हैं। 17 वार्डों में सीधी टक्कर (2-2 प्रत्याशी) हैं, जबकि 35 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला है। वार्ड 62 में सर्वाधिक 13 उम्मीदवार हैं। बागियों और निर्दलीयों की मौजूदगी से कई वार्डों में समीकरण बदल सकते हैं।
2 min read
Sep 04, 2026
jaipur municipal election
जयपुर निकाय चुनाव के 150 वार्डों में चुनावी चौसर तैयार (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Jaipur Municipal Corporation Elections: जयपुर: नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ जयपुर नगर निगम चुनाव का मैदान पूरी तरह सज गया है। 150 वार्डों में अब 723 प्रत्याशी आमने-सामने हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद 281 प्रत्याशियों ने मैदान छोड़ दिया। भाजपा और कांग्रेस ने बागियों और नाराज दावेदारों को मनाने के लिए आखिरी समय तक जोर लगाया, लेकिन कई वार्डों में बागी और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में डटे रहे। ऐसे में अब मुकाबला सिर्फ पार्टी के चुनाव चिन्ह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय प्रभाव, बागियों की ताकत और वोटों के बंटवारे से भी नतीजे प्रभावित होंगे।

नगर निगम में औसतन 5 प्रत्याशी प्रति वार्ड मैदान में हैं, लेकिन वार्डवार तस्वीर काफी अलग है। 17 वार्डों में केवल 2-2 प्रत्याशी है, जबकि 35 वार्डों में 3-3 उम्मीदवार मुकाबले में है। 25 वार्डों में 4, 22 वार्डों में 5 और 51 वार्डों में 6 से 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। यानी 98 वार्डों में 4 या इससे अधिक उम्मीदवार होने से कई जगह मुकाबला बहुकोणीय हो गया है।

17 वार्डों में आमने-सामने का मुकाबला

वार्ड 41, 42, 45, 49, 52, 53, 60, 83, 90, 91, 94, 122, 123, 129, 131, 142 और 150 में केवल 2-2 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन वार्डों में तीसरे उम्मीदवार की गुंजाइश नहीं है। यदि मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है तो दोनों दलों के लिए अपने परंपरागत वोट को एकजुट रखना अहम होगा। यहां एक-एक वोट भी जीत-हार का अंतर तय कर सकता है।

35 वार्डों में तीसरा कोण तय करेगा नतीजा

35 वार्डों में 3-3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें वार्ड 5, 6, 8, 10, 21, 26, 30, 38, 39, 44, 48, 50, 56, 57, 58, 59, 63, 68, 72, 75, 76, 80, 82, 84, 85, 86, 93, 95, 100, 107, 111, 124, 125, 128 और 139 शामिल हैं। इन सीटों पर तीसरा प्रत्याशी किस दल के वोट बैंक में सेंध लगाता है, यह चुनावी गणित का सबसे अहम पहलू होगा। भाजपा या कांग्रेस के परंपरागत वोट में सेंध पड़ी तो नतीजे का रुख बदल सकता है।

वार्ड 62 में 13 उम्मीदवार, कई जगह वोट बंटने की संभावना

वार्ड 62 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके बाद वार्ड 16 और 130 में 11-11 और वार्ड 132 में 10 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय होने से वोट कई हिस्सों में बंटने की संभावना है। ऐसे में किसी प्रत्याशी को बहुत अधिक वोट प्रतिशत मिले बिना भी जीत हासिल हो सकती है।

जिले की 18 अन्य निकायों में 2,363 प्रत्याशी मैदान में

जयपुर नगर निगम के अलावा जिले की 18 अन्य निकायों में 2,363 प्रत्याशी मैदान में हैं। चौमूं में 119, शाहपुरा में 247, बगरू में 119, बस्सी में 164, चाकसू में 136, दूदू में 99, जमवारामगढ़ में 96, जोबनेर में 80, कालाडेरा में 65, कानोता में 66, खेजरोली में 88, किशनगढ़ रेनवाल में 100, मनोहरपुर में 120, नरायणा में 88, फागी में 85, फुलेरा में 77, सांभर में 88 और वाटिका में 84 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले की 19 निकायों में कुल 2,644 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन तक 714 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया।

Updated on:
04 Sept 2026 07:56 am
Published on:
04 Sept 2026 07:56 am
Also Read
View All