जयपुर

Jaipur Nagar Nigam Result: जयपुर में कांग्रेस ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत, जानिए सबसे कम वोटों से कौन जीता

Rajasthan Nagar Nikay Election: जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों में कहीं प्रत्याशियों के बीच महज 5 वोट का अंतर रहा तो कहीं जीत का फासला 10 हजार से ज्यादा वोट तक पहुंच गया।
2 min read
Sep 15, 2026
jaipur election result
भाजपा कार्यालय पर आतिशबाजी। फोटो अनुग्रह सोलोमन

Jaipur Nagar Nigam Election Result: जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों में इस बार मुकाबले का रोमांच भी देखने को मिला और एकतरफा जीत का रिकॉर्ड भी। कहीं प्रत्याशियों के बीच महज 5 वोट का अंतर रहा तो कहीं जीत का फासला 10 हजार से ज्यादा वोट तक पहुंच गया। वार्ड 124 में कांग्रेस की कांता देवी ने भाजपा की मनभरी को महज 5 वोट से हराया, जबकि वार्ड 113 में कांग्रेस के गजनफर अली ने निर्दलीय अब्दुल वाहिद को 10014 वोट से शिकस्त दी।

पांच वोट से तय हुई जीत

जयपुर नगर निगम चुनाव के वार्ड 124 में मुकाबला बेहद कांटे का रहा। कांग्रेस की कांता देवी ने भाजपा की मनभरी को सिर्फ 5 वोट से हराया। कांता देवी को 4277 वोट मिले, जबकि मनभरी को 4272 मत मिले। महज पांच वोट का अंतर बताता है कि अंतिम दौर की मतगणना तक मुकाबला कितना रोमांचक रहा होगा। वार्ड 20 में भी दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। भाजपा की उदिता सिंह चौहान ने कांग्रेस की मोनिका सैनी को 26 वोट से हराया। उदिता सिंह को 4684 और मोनिका सैनी को 4658 वोट मिले।

वहीं वार्ड 127 में कांग्रेस के बादल शर्मा ने भाजपा के आलोक खंडेलवाल को 52 वोट से हराया। बादल शर्मा को 4004 और आलोक खंडेलवाल को 3952 मत मिले। वार्ड 52 में कांग्रेस के हनुमान सैनी ने भाजपा के पूरणमल सैनी को 63 वोट से शिकस्त दी। हनुमान को 5899 और पूरणमल को 5836 मत मिले।

गजनफर अली की बड़ी जीत

जीतने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार गजनफर अली. Photo- Madan Mohan Marwal

दूसरी तरफ वार्ड 113 में मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। कांग्रेस के गजनफर अली ने निर्दलीय अब्दुल वाहिद को 10014 वोट के बड़े अंतर से हरा दिया। गजनफर अली को 14666 वोट मिले, जबकि अब्दुल वाहिद को 4652 वोट ही मिल सके। भाजपा के फरीद्दूदीन को 990 वोट मिले।

इन्होंने भी हासिल की बड़ी जीत

वार्ड 126 में भी कांग्रेस की सोफिया बानो ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की रीना उमरवाल को 7153 वोट से हराया। सोफिया बानो को 8719 और रीना उमरवाल को 1566 वोट मिले। वार्ड 125 में कांग्रेस की मंजो बानो ने भाजपा की लक्ष्मी देवी को 6704 वोट से शिकस्त दी। मंजो बानो को 7561 और लक्ष्मी देवी को सिर्फ 857 वोट मिले।

जयपुर में जीत का जश्न मनाते हुए। फोटो पत्रिका

वार्ड 129 में कांग्रेस के महेश सामरिया ने भाजपा के निखिल बसवाल को 5355 वोट से हराया। महेश सामरिया को 7999 और निखिल बसवाल को 2644 वोट मिले। इसी तरह वार्ड 116 में कांग्रेस की संजीदा उमरदराज ने भाजपा की लक्ष्मी देवी को 5310 वोट से हराया। संजीदा को 9046, जबकि लक्ष्मी देवी को 3736 मत मिले।