
Jaipur Truck Blood Incident: जयपुर के खोह नागोरियान थाना इलाके में सोमवार सुबह एक ट्रक को देखकर लोग चौंक गए। सुबह-सुबह लोगों को सड़क किनारे एक ट्रक से खून निकलते हुए दिखाई दिया। वहां आसपास मौजूद सभी लोगों ने किसी बड़े अपराध की आशंका जताई। खून को देख लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि उन्हें सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर इसकी सूचना मिली थी और सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई थी।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो ट्रक के आसपास करीब 50 से 60 लोग जमा थे। लोगों का कहना था कि ट्रक के अंदर किसी व्यक्ति का शव हो सकता है, इसलिए उसकी तुरंत तलाशी ली जाए। भीड़ ने ट्रक को चारों तरफ से घेर लिया और वहीं पर ट्रक से पूरा सामान उतरवाकर जांच कराने की मांग करने लगी। माहौल को देखते हुए पुलिस ने लोगों को शांत करने की कोशिश की।
पुलिस ने ट्रक चालक मुन्ने खां से पूछताछ की। चालक ने बताया कि ट्रक में किसी इंसान का शव नहीं है। उनका कहना था कि इसमें मृत बकरों का चमड़ा भरा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने तिरपाल हटाकर शुरुआती जांच भी की, जिसमें चालक की बात सही निकली। इसके बावजूद मौके पर मौजूद लोगों का शक दूर नहीं हुआ। उनका कहना था कि जब तक पूरा ट्रक खाली नहीं होगा, तब तक वे संतुष्ट नहीं होंगे। लेकिन बीच सड़क पर ट्रक खाली कराने से यातायात और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। इसलिए पुलिस ट्रक को अपने साथ थाने ले गई। वहां पूरे ट्रक का सामान उतरवाकर बारीकी से जांच की गई। जांच में सिर्फ मृत बकरों का चमड़ा मिला।
जांच के दौरान पता चला कि ट्रक जयपुर की एक फर्म से मृत बकरों का चमड़ा लेकर कोलकाता जा रहा था। ट्रक के मालिक की पहचान जयपुर के रहने वासे सलमान कुरैशी के रूप में हुई। पुलिस ने साफ किया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और पूरे मामले की जांच कर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाल लिया गया। इस मामले के बाद अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और ऐसी किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए पहले पुलिस को जानकारी दें।