जयपुर

जयपुर: नाबालिग छात्रा को गैंगरेप के बाद धमकाया, दिल्ली भाग गई पीड़िता; आरोपी से सहेली ने करवाई थी दोस्ती

Jaipur News: जयपुर पुलिस ने एक नाबालिग छात्रा की गुमशुदगी के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
2 min read
Mar 24, 2026
Feature image

Jaipur News: राजधानी जयपुर में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग छात्रा से जुड़े गंभीर मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने पीड़िता को दिल्ली से सुरक्षित बरामद करने के बाद कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज करवाएं है जिसमें छात्रा ने आपबीती बताईं है।

लापता होने के बाद दिल्ली में मिली छात्रा

जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 साल की एक छात्रा के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छात्रा को दिल्ली से ढूंढ निकाला।

बयानों के आधार पर दर्ज हुई एफआईआर

छात्रा को जयपुर लाने के बाद नियमानुसार उसके बयान दर्ज किए गए। पीड़िता ने बयानों में बताया उसकी एक दोस्त के जरिए आरोपी युवक से संपर्क हुआ था। पांच दिन पहले आरोपी ने मिलने बुलाया था। जब वह मिलने गई तो, आरोपी ने दोस्त के साथ मिलकर उसे बाइक पर सुनसान जगह ले गया। जहां उसके साथ आरोपी युवक ने जबरन रेप किया। इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

इसी धमकी के डर से वो घर छोड़कर दिल्ली चली गई। बयानों में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की थीं। सोमवार शाम को पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मामले की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके।

पुलिस की आगामी कार्रवाई

जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संभावित व्यक्तियों और फरार साथी की तलाश जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किन परिस्थितियों का हाथ था। प्रशासन का कहना है कि महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Published on:
24 Mar 2026 06:31 pm