
जयपुर। राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों की मनमानी रोकने और उनकी आड़ में होने वाली अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी गाइडलाइन की धड़ल्ले से अनदेखी की जा रही है। कागजों में सख्त नजर आने वाले नियमों के बावजूद कई स्पा सेंटरों में विदेशी युवतियों को रखकर अनैतिक कार्य करवाए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव पचार ने सभी थाना प्रभारियों को स्पा सेंटरों के लिए निर्धारित नई गाइडलाइन की सख्ती से पालना कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रवेश व संरचनाः पुरुष और महिला स्पा सेंटर अलग-अलग हिस्सों में होंगे और उनके प्रवेश द्वार भी पृथक रखे जाएंगे।
सुरक्षा व पारदर्शिताः मसाज रूम के दरवाजों पर अंदर से कुंडी, चिटकनी या बोल्ट नहीं लगाया जा सकेगा। साथ ही संचालन के दौरान सेंटर के मुख्य व बाहरी दरवाजे खुले रखने होंगे।
ग्राहकों का रिकॉर्डः प्रत्येक ग्राहक का नाम, पहचान पत्र और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
आवास पर रोकःस्पा सेंटर के परिसर का उपयोग किसी भी प्रकार की आवासीय गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकेगा।
कर्मचारियों की योग्यताः मसाज करने वाले कर्मचारियों के पास मान्यता प्राप्त संस्था का प्रमाण-पत्र या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। कर्मचारियों की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए तथा ड्यूटी के दौरान पहचान-पत्र पहनना जरूरी होगा।
पुलिस सत्यापन अनिवार्यः संचालक, मैनेजर एवं समस्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। अनैतिक व्यापार, यौन अपराध या पॉक्सो मामलों में संलिप्त व्यक्ति को नियुक्त नहीं किया जा सकेगा।
सूचना का प्रदर्शनः सेंटर के बाहर संस्था का नाम, लाइसेंस नंबर और संचालन का समय स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। रिसेप्शन पर हिंदी व अंग्रेजी में साइट प्लान, बेड की संख्या, कर्मचारियों की योग्यता और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने होंगे।
बता दें कि पिछले महीने 'पत्रिका' टीम ने दो दिन तक जयपुर शहर के विभिन्न स्पा सेंटरों की पड़ताल की तो चौंकाने वाला सच सामने आया था। पड़ताल में सामने आया था कि लक्ष्मी मंदिर चौराहा, जयपुर जंक्शन, सी-स्कीम और सिंधी कैंप जैसे इलाकों में ये जाल पूरी तरह पैर पसार चुका है। दलाल ग्राहकों को शुरुआती बातचीत के तुरंत बाद सुरक्षित जगहों पर चलने का दबाव बनाते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस अनैतिक गतिविधि के कारण अब शाम के समय परिवारों का घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। इस खबर के बाद पुलिस जागी तो स्पा सेंटर्स की पोल खुलने लगी। शहरभर में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दर्जनों स्पा सेंटर्स पर एक्शन लिया।