8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में SUV कार की टक्कर से स्कूल बस पलटी- 19 बच्चे घायल, ‘ओवरटेक’ की वजह से हादसा 

Jobner Bus Accident : जोबनेर के महला रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: ओवरटेक करते समय स्कॉर्पियो ने स्कूल बस को मारी टक्कर, 19 स्कूली बच्चे घायल। 9 गंभीर घायल विद्यार्थियों को जयपुर रेफर किया गया।
2 min read
Google source verification
jobner road accident bus scorpio collision injured students jaipur

Jobner Road Accident

जयपुर जिले के निकटवर्ती जोबनेर कस्बे से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जोबनेर कस्बे के महला रोड पर एक निजी विद्यालय की बस को ओवरटेक करने के प्रयास में एक अनियंत्रित SUV कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद स्कूल बस और कार दोनों ही सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गईं। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 19 स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, एंबुलेंस व पुलिस को दी सूचना

हादसा होते ही मौके पर तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई बस से चीखते-चिल्लाते मासूम बच्चों को बाहर निकाला। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई।

मौके पर पहुंची एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायल विद्यार्थियों को आनन-फानन में कस्बे के स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।

19 विद्यार्थी घायल, 9 गंभीर जयपुर रेफर

मिली जानकारी के अनुसार, सामुदायिक चिकित्सालय में डॉक्टरों द्वारा किए गए प्राथमिक इलाज के बाद 9 विद्यार्थियों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर के उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों की सूची: हादसे में कुल 19 विद्यार्थी घायल हुए हैं, जिनके नाम विनय कुमावत, जिया, पायल, अर्चना, तनिष्क, रोशन कंवर (मैडम), विशाल, सिमरन, सीमा, तनु, लक्षिता, कल्पना, प्रिंस, कौशल, भूमिका, अर्चना, मीनाक्षी, सिमरन और सुमित हैं।

जयपुर रेफर किए गए 9 गंभीर घायल विद्यार्थी: जिन 9 विद्यार्थियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, उनके नाम हैं- विनय, जिया, तनिष्क, रोशन, विशाल, सिमरन, सीमा, तनु, लक्षिता हैं।

पुलिस प्रशासन ने शुरू की मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाया। दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क से हटाकर क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही घायल बच्चों के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।