जयपुर

जयपुर के हुक्का-बार पर पुलिस का छापा, अलवर के BJP नेता जय आहूजा की पहले इसी रेस्टोरेंट में थी पार्टनरशिप

Rajasthan News: जयपुर में अवैध हुक्का बार चलने का खुलासा होने पर जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मैनेजर को गिरफ्तार किया और मौके से हुक्का सामग्री जब्त की।

2 min read
Jun 19, 2026
Jaipur Police Raid In Hookah Bar
जब्त हुक्के (फोटो: पत्रिका)

Jaipur Police Raid In Hookah Bar: जयपुर की जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेएलएन मार्ग स्थित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार पर छापा मारकर वहां संचालित हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से रेस्टोरेंट के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि हुक्का पार्टी कर रहे छह युवकों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। अलवर के भाजपा नेता जय आहूजा की इस रेस्टोरेंट में पहले पार्टनरशिप थी, हालांकि उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले 2023 में ही पार्टनरशिप छोड़ दी थी।

पुलिस ने मौके से सात हुक्के, सात चिलम, सात पाइप और विभिन्न प्रकार के तंबाकू युक्त फ्लेवर जब्त किए हैं। पिछले दो दिनों में पुलिस की ओर से अवैध हुक्का बार के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र सिंह (39) जयसिंहपुरा, भांकरोटा का रहने वाला है, जो जेएलएन मार्ग स्थित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में मैनेजर के रूप में कार्यरत है।

मुखबिर से मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि यूडीबी बिल्डिंग स्थित 3डी रेस्टोरेंट एंड बार में ग्राहकों को खान-पान की सामग्री के साथ अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर एसआई श्याम प्रकाश पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर एक व्यक्ति ग्राहकों की टेबल पर तंबाकूयुक्त फ्लेवर चिलम में भरकर हुक्का परोसता मिला। तलाशी के दौरान पुलिस को रेस्टोरेंट के अंदर अलग-अलग टेबलों पर सात हुक्के, सात पाइप और सात चिलम मिलीं, जिनमें जलते हुए कोयले रखे हुए थे। कोयलों के नीचे फॉयल पेपर में तंबाकूयुक्त फ्लेवर भरा हुआ था।

लाइसेंस नहीं पेश कर सका

पुलिस ने मैनेजर से हुक्का संचालन का वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई अनुमति या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सातों हुक्के, सात पाइप, सात चिलम और एक्सट्रीम गोल्ड लाइन आइस मैंगो फ्लेवर सहित तंबाकूयुक्त तीन डिब्बों को जब्त कर लिया। वहीं, रेस्टोरेंट में हुक्का पीते मिले छह युवकों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत 200-200 रुपए का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह और पप्पू लाल की अहम भूमिका रही।

विधानसभा चुनाव से पहले मैंने 2023 में ही इस रेस्टोरेंट की पार्टनरशिप छोड़ दी थी। जब मैंने विधानसभा चुनाव लड़ा तब मेरी ओर से घोषित संपत्ति में भी इसका उल्लेख नहीं है।
जय आहूजा, भाजपा नेता

Published on:
19 Jun 2026 11:00 am