जयपुर

जयपुर हादसा: वकील बनना चाहता था पारस, संगीत में मास्टर…महिला क्रिकेटर की बेकाबू थार ने छीन ली सांसें, 17 मार्च को होनी थी शादी

Jaipur Road Accident: 18 साल की युवती के हाथों में लग्जरी एसयूवी की स्टीयरिंग और रफ्तार 100 के पार...नतीजा यह हुआ कि एक होनहार युवक की जान चली गई। साथ ही एक महिला जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में संघर्ष कर रही है।
3 min read
Dec 04, 2025
Jaipur Road Accident
मृतक पारस व्यास (फोटो- पत्रिका)

Jaipur Accident: राजधानी जयपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में खत्म कर दिया। पारस व्यास (23) की शादी अगले साल 17 मार्च को होनी थी, उससे पहले एक तेज रफ्तार थार की टक्कर से उनकी मौत हो गई।

बता दें कि हादसे से कुछ घंटों पहले तक घर में रिश्ता तय होने की खुशियां थीं। लेकिन रात होते-होते माहौल मातम में बदल गया। परिवार का बड़ा बेटा और उम्मीद का सहारा अचानक हमेशा के लिए चला गया।

स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहा था पारस

घटना मंगलवार की रात करीब 10 बजे विधानसभा के पास ज्योतिनगर थाना क्षेत्र में हुई। थाना साउथ की प्रभारी अंजू कुमारी ने बताया, घटना के समय पारस अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से नटराज नगर स्थित घर से विधानसभा की ओर जा रहे थे। स्कूटी पर उनकी बुआ नंदिनी शर्मा भी पीछे बैठी थीं।

सामने से आई एक तेज रफ्तार लाल रंग की थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पारस व्यास गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थार चलाने वाली युवती भव्या चौधरी को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। वह राजस्थान की उभरती हुई महिला क्रिकेटर हैं और हादसे के बाद से ही पुलिस की हिरासत में हैं।

हमारा सूरज बुझ गया…दादा की आवाज भर आई

पारस के घर पर मातम पसरा हुआ है। दादा सत्यनारायण शर्मा रोते हुए बोले, पारस हमारा सूरज था। भगवान को उसकी जगह मुझे उठा लेना चाहिए था। बच्चे की शादी तय हुई थी, घर में खुशी थी, इंसान को इतना बड़ा दुख न मिले।

दादा बताते हैं कि 30 नवंबर को ही परिवार ने पारस का रिश्ता पक्का किया था। सभी लोगों में उत्साह था। घर में शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, लेकिन हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।

'लापरवाही ने मेरा बेटा छीन लिया'

पारस के पिता मुकेश शर्मा कस्टम विभाग में कैशियर हैं। दो बेटों में पारस बड़ा था और परिवार की कई जिम्मेदारियां अपने कंधों पर ले चुका था। पिता कहते हैं, थार चलाने वाली युवती तेज रफ्तार में थी। उसकी लापरवाही की वजह से मेरा बेटा मर गया। हमने तो अपना बेटा खो दिया, लेकिन किसी और परिवार के साथ ऐसी बर्बादी न हो। दोषी को कड़ी सजा मिलनी जरूरी है।

'मां, आपको विदेश घुमाकर लाऊंगा…'

मां पिंकी शर्मा बेटे को याद कर फूट-फूटकर रोने लगीं। उन्होंने कहा, वो कहता था, मां विदेश घूमना चाहती हो न? मैं आपको जरूर ले जाऊंगा…मेरा बेटा इतना अच्छा था।

बुआ का भी हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया है और वह एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं। लेकिन जैसे ही उन्हें होश आया, उन्होंने सबसे पहले यही पूछा, पारस कैसा है? और दुखद खबर सुनते ही वे टूट गईं।

म्यूजिक ग्रुप का स्टार सिंगर था पारस

पारस सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि संगीत में भी बेहद प्रतिभाशाली था। उनके दोस्त रुद्राक्ष भारद्वाज बताते हैं, पारस 52 सदस्यों के एक म्यूजिक ग्रुप का अहम हिस्सा था। वो हमारे सबसे अच्छे सिंगर थे। खाटूश्यामजी के भजनों से लेकर बॉलीवुड सॉन्ग्स तक हर तरह के गीत गाते थे। सोशल मीडिया पर भी उनके कई वीडियो हैं। उनका जाना हमारे लिए भी बहुत बड़ा नुकसान है।

लाइसेंस टू किल

आरोपी : भव्या चौधरी, जगतपुरा
उम्र : 18 वर्ष
ड्राइविंग लाइसेंस मिला : 3 अक्टूबर 2025
एसयूवी : आरजे-45 सीएन-6888
रजिस्ट्रेशन : माता प्रिया चौधरी के नाम
रफ्तार : 100 किमी/घंटा से अधिक
जांच : शराब या अन्य नशे की पुष्टि के लिए सैंपल लिए गए

सिर्फ एक वाहन को टक्कर लगी : भव्या

पूछताछ में भव्या चौधरी ने बताया कि वह क्रिकेट खेलती हैं और आरसीए अकादमी जा रही थी। उसने सिर्फ एक कार को ही ट€क्कर मारी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एसयूवी तेज रफ्तार में थी, स्कूटी को ट€क्कर मारने के बाद दो अन्य कारों से भी भिड़ी और लगभग 50-60 मीटर तक उन्हें घसीटते ले गई।

दो महीने में तीसरी बड़ा हादसा

राजस्थान में थार वाहनों की तेज रफ्तार से होने वाले हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले दो महीने में तीन बड़े हादसों में 10 लोगों ने जान गंवाई है।

-22 अक्टूबर (चौमूं नेशनल हाइवे-52) पर तेज रफ्तार थार ने तीन बाइकों को टक्कर मारी, हादसे में पति-पत्नी और पिता-पुत्र की मौत हो गई। सभी लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे।
-1 नवंबर को अलवर जिले में एक थार ने बाइक को 200 मीटर तक घसीटा, पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई।
-1 दिसंबर को राजधानी जयपुर में पारस व्यास और उनकी बुआ को टक्कर, 23 साल के पारस की मौत हो गई।

Updated on:
04 Dec 2025 10:26 am
Published on:
04 Dec 2025 10:25 am