जयपुर

Jaipur School Timing Change: आदेश 12 बजे तक का, फिर भी कई स्कूलों में 2 बजे तक बैठ रहे बच्चे

School Timing Change: भीषण गर्मी के बावजूद कई स्कूल बच्चों को दोपहर 2 बजे तक रोक रहे, प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी जारी।

2 min read
Apr 28, 2026
Jaipur School Timing Change
गर्मी में परेशान स्कूली बच्चे Image Source: ChatGpt

जयपुर: राजधानी में बढ़ती गर्मी छोटे बच्चों की सेहत पर बड़ा सवाल उठा रही है। दिन-रात चल रही तेज लू और 43 डिग्री से ऊपर पहुंच चुके तापमान को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तय किया था। ताकि बच्चे इस भीषण गर्मी में सुरक्षित रहे।

जिला कलेक्टर ने सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के लिए यह आदेश जारी किया था। आदेश में साफ कहा गया था कि प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के बच्चों की छुट्टी 12 बजे तक कर दी जाए और नियम तोड़ने पर कार्रवाई भी हो सकती है। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिख रही है। बच्चों को अब भी दोपहर के 2 बजे तक स्कूलों में बिठाया जा रहा है।

आदेश कागज पर, बच्चे धूप में

कई अभिभावकों का कहना है कि कुछ स्कूल अब भी अपनी मनमानी कर रहे हैं। बच्चों को दोपहर 2 बजे तक स्कूलों में रोका जा रहा है। छोटे बच्चे तेज धूप में घर लौट रहे हैं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। संयुक्त अभिभावक संघ के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने स्कूलों के इस तरीके पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन के दिए आदेशों की अनदेखी सीधे बच्चों की सेहत से खिलवाड़ है।

उनका कहना है कि जब जिला प्रशासन ने साफ निर्देश दे दिए हैं, तो स्कूलों को मनमानी की छूट नहीं मिलनी चाहिए। अभिभावक भी जिला प्रशासन से सवाल कर रहे है की अगर आदेश बच्चों की सुरक्षा के लिए इतना जरूरी है, तो उसका सख्ती से पालना क्यों नहीं हो रहा?

जयपुर में सीजन का सबसे गर्म दिन

सोमवार को जयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार का पारा अधिकतम जाकर 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ऊपर रहा। और सिर्फ दिन ही नहीं रात का पारा भी न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री ज्यादा था। इसका मतलब यह है कि दिन के साथ साथ रात भी अब राहत नहीं दे रही है।

शहर में देर शाम तक गर्म हवाओं को लोगों ने महसूस किया। ऐसे मौसम में छोटे बच्चों का लंबे समय तक स्कूल में रहना और फिर इतनी तेज धुप और लू में घर लौटना उनके स्वास्थ्य को जोखिम में डाल सकता है। ऐसे में मौसम केन्द्र के अनुसार कहा जा रहा है की मंगलवार को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।