
Shiv Mahapuran Katha Jaipur: जयपुर: मानसरोवर के वीटी रोड तक स्थित मेला ग्राउंड में 20 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाली शिवमहापुराण कथा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।
अरावली मार्गः शिप्रापथ से अरावली मार्ग चौराहा (मध्यम मार्ग) तक चलने वाले सामान्य यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।
वीटी रोडः शिप्रापथ से वीटी रोड चौराहा (मध्यम मार्ग) तक का यातायात भी जरूरत पड़ने पर बदला जाएगा।
शिप्रापथ रोड पर दबाव होने पर
वीटी रोड चौराहा और अरावली मार्ग चौराहा से यातायात को न्यू सांगानेर रोड की ओर भेजा जाएगा। इससे कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों पर जाम से बचा जा सकेगा।
यातायात पुलिस ने शिप्रापथ, मध्यम मार्ग और वीटी रोड का उपयोग करने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक न्यू सांगानेर रोड का उपयोग करें। खो-नागोरियन, मालवीय नगर, जगतपुरा और सांगानेर की ओर से आने वाले श्रद्धालु कथा स्थल तक पहुंचने के लिए द्वारकादास पार्क, प्रधान वाटिका और न्यू सांगानेर रोड वाले रास्तों का चुनाव करें।
नवरात्र पर 19 से 26 मार्च तक आमेर स्थित शिला माता मंदिर में आयोजित मेले को देखते हुए यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, जयपुर शहर से आमेर होते हुए दिल्ली रोड की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर रामगढ़ मोड़ से डायवर्ट कर धोबीघाट, बंध की घाटी और सडवा मोड़ के रास्ते निकाला जाएगा। दिल्ली रोड से आमेर होते हुए जयपुर आने वाला यातायात आमेर तिराहा से डायवर्ट कर सडवा मोड़, बंध की घाटी और धोबीघाट होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेगा।
रामगढ़ मोड़ से आमेर जाने वाली बसों को जरूरत पड़ने पर धोबीघाट के रास्ते दिल्ली बायपास से आमेर की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह आमेर से लौटने वाली बसों को आमेर तिराहा से डायवर्ट कर धोबीघाट होते हुए रामगढ़ मोड़ की ओर संचालित किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर पहुंचने पर अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।