जयपुर

NEET में भतीजे के चयन पर उठे सवाल तो BJP MLA ने तोड़ी चुप्पी; डोटासरा के आरोपों पर किया तीखा पलटवार

Rajasthan Politics: विधायक महेंद्र पाल मीना ने डोटासरा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनके परिवार का नीट पेपरलीक मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके चाचा के पोते धर्मचंद मीना ने मेहनत के दम पर सफलता हासिल की है।

2 min read
May 17, 2026
गोविंद सिंह डोटासरा व महेंद्र पाल मीना। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर/जमवारामगढ़। पेपरलीक प्रकरण को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीना के भतीजे के चयन को लेकर सवाल उठाए है। डोटासरा ने पोस्ट में लिखा कि पेपरलीक मामले में आरोपी दिनेश और मांगीलाल बिंवाल परिवार के बच्चों के अलावा आरोपी के करीबी नेताओं से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि जमवारामगढ़ क्षेत्र से भाजपा विधायक महेंद्र पाल मीना के भतीजे का भी नीट 2025 में चयन हुआ है। डोटासरा ने आरोपी दिनेश के कथित बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें 'बड़े लोगों' के शामिल होने की बात कही गई थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग करते हुए कहा कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस प्रकरण में पूरे नेटवर्क का खुलासा होना चाहिए।

ये भी पढ़ें

NEET Paper Leak : अब राजस्थान के BJP MLA के भतीजे का चयन चर्चा में, क्या है कोई ‘बिवाल ब्रदर्स’ कनेक्शन?

कस्बे में जांच एजेंसियों की चर्चा नीट-2026 पेपरलीक मामले में कस्बा निवासी मांगीलाल बिंवाल, दिनेश बिंवाल और विकास बिंवाल की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की गतिविधियां लगातार चर्चा में हैं। इससे पहले सीबीआइ द्वारा आरोपियों के घरों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है। शनिवार को भी कस्बे में जांच एजेंसियों की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं होती रही।

विधायक ने आरोपों का किया खंडन

विधायक महेंद्र पाल मीना ने डोटासरा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनके परिवार का नीट पेपरलीक मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके चाचा के पोते धर्मचंद मीना ने मेहनत के दम पर सफलता हासिल की है। विधायक ने कहा, 'सांच को आंच नहीं। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।' उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी पेपरलीक के कई मामले सामने आए थे।

पेपर लीक से कोई संबंध नहीं

विधायक के चचेरे भाई सुखपाल मीनाने कहा कि मेरे बेटे धर्मचंद व छोटे भाई धर्मपाल के बेटे रोहित ने नीट-2025 की परीक्षा दी थी। पेपर आता तो दोनों पास होते। जिसमें धर्मचंद का चयन हुआ था और रोहित का चयन नहीं हो सका था। पेपर लीक से हमारा कोई संबंध नहीं है।

'मगरमच्छ कब पकड़े जाएंगे?'

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने मुख्यमंत्री के पुराने बयान का हवाला देते हुए पूछा कि पेपरलीक के 'मगरमच्छ' आखिर कब पकड़े जाएंगे। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पूरे मामले में लोगों की नजर जांच एजेंसियों की आगामी कार्रवाई और आधिकारिक निष्कर्षों पर टिकी हुई है।

छात्र के चयन को लेकर जानकारी

जानकारी के अनुसार धर्मचंद मीना ने नीट 2025 परीक्षा में 720 में से 465 अंक प्राप्त कर एसटी वर्ग में 781वीं रैंक हासिल की थी। वर्तमान में वह मुंबई मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है। परिवार के एक अन्य सदस्य ने भी नीट परीक्षा दी थी, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।

पांच का चयन चर्चा का विषय

क्षेत्र में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि बिंवाल परिवार के पांच बच्चों का एक साथ नीट परीक्षा में चयन हुआ था। इसी मामले को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में लगातार सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अब तक जांच एजेंसियों की ओर से विधायक या उनके परिवार के खिलाफ कोई आधिकारिक आरोप सार्वजनिक नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें

Train Fire: कोटा जंक्शन पहुंचने से पहले राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
Also Read
View All