
Minister Kirodilal Meena Health Update: राजस्थान में मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से पांव पसार रहा है। इस बीच प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के स्वाइन फ्लू (H1N1) पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मंगलवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के मेडिकल आईसीयू (बेड नंबर-2) में भर्ती कराया गया। संक्रमण फैलाव को रोकने के लिए इस बेड को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
अस्पताल प्रशासन ने मरीज, अन्य भर्ती मरीजों और मेडिकल स्टॉफ की सुरक्षा के लिहाज से कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के अस्वस्थ होने की खबर आते ही उनके समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए और फोन पर कृषि मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
राजस्थान में इस वर्ष स्वाइन फ्लू के मामलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगस्त के पहले पखवाड़े तक राजस्थान में स्वाइन फ्लू के 129 मामले सामने आए हैं। बीते साल (2025) इसी अवधि के दौरान महज 16 मामले दर्ज किए गए थे, यानी इस बार मामलों में करीब आठ गुना उछाल आया है। राहत की बात यह है कि राज्य में स्वाइन फ्लू से अब तक किसी भी मरीज की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों में फ्लू के मामले तेजी से बढ़ने के बाद राजस्थान में भी सर्विलांस और आइसोलेशन व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह संक्रमण किसी नए स्ट्रेन के कारण नहीं, बल्कि H1N1 के नियमित मौसमी पैटर्न का हिस्सा है।
कृषि मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए SMS मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रिंसिपल व कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा, उन्हें बुखार और सांस लेने में थोड़ी तकलीफ के कारण भर्ती किया गया था। जांच में उन्हें स्वाइन फ़्लू होने की पुष्टि हुई, जिसके लिए उन्हें भर्ती किया गया। अभी उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। हमने उन्हें ICU में आइसोलेट किया है और 5 डॉक्टरों की एक टीम बनाई है जो उनकी देखभाल कर रही है।