जयपुर

जयपुर में LPG का काला कारोबार बेनकाब, 150 से अधिक सिलेंडर जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

LPG Crisis: जयपुर में एलपीजी संकट के बीच अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर रसद विभाग व पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। शहर और ग्रामीण इलाकों में छापों के दौरान 171 सिलेंडर जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

2 min read
Mar 17, 2026
LPG black market busted in Jaipur over 150 cylinders seized five accused arrested in joint police action
जयपुर में गैस का काला कारोबार बेनकाब (फोटो- पत्रिका)

Jaipur LPG Crisis: एलपीजी संकट के दौरान जयपुर शहर और ग्रामीण इलाके में घरेलू सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग व कालाबाजारी से जुड़े नेटवर्क पर रसद विभाग और जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की है। सोमवार को शहर और जिले में रसद विभाग तथा पुलिस कमिश्नरेट की टीमों ने छापे मार 171 घरेलू सिलेंडर जब्त किए।

इस कार्रवाई में दुकानदारों और गैस एजेंसियों के तीन कर्मचारियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद गठित तीनों टीमें कार्रवाई कर रही हैं।

सोमवार को सूचना पर स्पेशल टीम गोपालपुरा बाइपास स्थित श्याम एंड गोयनका जनरल स्टोर पर पहुंची। वहां घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में अवैध रिफिलिंग की पुष्टि हुई और 23 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।

बिल नहीं दे पाया सिलेंडरों का

इसी तरह ब्रह्मपुरी स्थित एक मकान में घरेलू सिलेंडर से एलपीजी ऑटो में अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। वहां से भी टीम ने 23 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। इमली फाटक के पास विष्णु मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। वहां संचालक व्यावसायिक सिलेंडरों की खरीद का बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सिलेंडरों को ब्लैक में खरीदने की पुष्टि हुई और वहां से 13 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए।

पांच किलो गैस 500 रुपए में

गोपालपुरा मोड़ पर किराना स्टोर संचालकों के खिलाफ बजाज नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार गोयनका और बोनी पोद्दार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पांच किलो गैस 500 रुपए और आठ किलो गैस 800 से 1000 रुपए में बेच रहे थे।

दौलतपुरा में गोदाम पर छापा

पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और रसद विभाग की संयुक्त टीम ने दौलतपुरा स्थित साई वाटिका विस्तार कॉलोनी में बने एक गोदाम पर छापा मारा। यहां से 115 घरेलू सिलेंडरों का जखीरा बरामद किया गया। इनमें 38 भरे और 77 खाली सिलेंडर शामिल थे।

एलपीजी गैस सिलेंडर भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कांकरिया गैस एजेंसी, विद्याधर नगर स्थित महादेव गैस एजेंसी और पावटा स्थित बड़नगर में श्रीराम गैस एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों बुधराम, भगवान सिंह और नरेश को हिरासत में लिया। टीम ने सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और बिक्री से एकत्र 32,550 रुपए भी जब्त किए हैं।

20 दिन बाद भी नहीं मिला सिलेंडर

करीब 20 दिन पहले गैस सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई है। एजेंसी की ओर से दिए गए नंबरों पर कॉल करने पर नंबर अमान्य बताता है। आज सुबह से ही करीब 10 बार फोन कर चुका हूं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
-गोविंद शर्मा, रामगढ़ मोड़

हमारा सिलेंडर दूसरे को दे दिया

कीमत बढ़ने से पहले ही सिलेंडर बुक करा दिया था, लेकिन सप्लायर सिलेंडर घर पहुंचाने नहीं आया और उसे किसी अन्य उपभोक्ता को दे दिया। एजेंसी पर जानकारी लेने पहुंचे तो वहां उन्हें दूसरा सिलेंडर देने की बात कही गई। पहले वाले सिलेंडर के पैसे के बारे में पूछने पर कहा कि एजेंसी वाले ही वापस कर देंगे, उन्हें पूरी जानकारी है।
-मोहम्मद शरीफ

Updated on:
17 Mar 2026 10:29 am
Published on:
17 Mar 2026 08:41 am