जयपुर

Monsoon in Rajasthan: मानसून में राजस्थान में कहां घूमने जाएं? जानिए 8 सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल

Rajasthan Monsoon: राजस्थान में मानसून की दस्तक के साथ ही पर्यटन स्थलों की रौनक बढ़ने लगती है। उदयपुर, माउंटआबू, कुंभलगढ़, बूंदी, जयपुर, अलवर और बांसवाड़ा बारिश के मौसम में हरियाली, झीलों, झरनों और बादलों से घिरे किलों के कारण पर्यटकों की पसंद बन जाते हैं। आइए जानते हैं राजस्थान की उन 8 जगहों के बारे में जो मानसून के दौरान पर्यटकों को खूब लुभाती हैं।

5 min read
Jun 23, 2026
Rajasthan Best Monsoon Tourist Destinations
Rajasthan Best Monsoon Tourist Destinations (Patrika Creative Photo)

Rajasthan Best Monsoon Tourist Destinations: मानसून के दस्तक देते ही राजस्थान की रेतीली धरती का रूप बदल जाता है। बारिश की बूंदें गिरते ही यहां की वादियों में हरियाली छा जाती है और अरावली की पहाड़ियां बादलों से घिर जाती हैं। मानसून के दौरान राजस्थान के ऐतिहासिक महलों, झीलों और झरनों का नजारा इतना मनमोहक हो जाता है कि देश-विदेश से पर्यटक इस प्राकृतिक सौंदर्य को देखने आते हैं।

राजस्थान में कब आएगा मानसून?

राजस्थान में इस बार दक्षिण-पश्चिमी मानसून को लेकर मौसम विभाग का नया अपडेट आया है। अल-नीनो के सक्रिय होने के कारण अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं, जिससे मानसून की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। ऐसे में प्रदेश में इस साल मानसून अपने तय समय से करीब एक महीने की देरी से प्रवेश कर सकता है। मौसम केंद्र दिल्ली के अनुसार, अल-नीनो के इस प्रभाव के चलते जुलाई से सितंबर के दौरान राजस्थान में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।

अगर आप भी इस मानसून के दौरान किसी खूबसूरत और यादगार ट्रिप पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो राजस्थान के ये आठ पर्यटन स्थल आपके लिए सबसे बेहतरीन साबित होंगे। आइए जानते हैं इन जगहों की खासियत।

उदयपुर: झीलों की नगरी में बादलों का डेरा

'झीलों की नगरी' के नाम से मशहूर उदयपुर मानसून में अपनी सबसे खूबसूरत छटा बिखेरता है। बारिश के मौसम में फतेहसागर और पिछोला झील का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे इनका सौंदर्य दोगुना हो जाता है।

अरावली की पहाड़ियों पर स्थित सज्जनगढ़ फोर्ट को खासतौर पर मानसून के बादलों का दीदार करने के लिए बनाया गया था। यहां से बारिश से भीगे उदयपुर शहर, धुंध से ढके पहाड़ों और चमकती झीलों का नजारा किसी सपने जैसा लगता है।

हिल स्टेशन माउंट आबू

राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू मानसून के दौरान किसी जन्नत से कम नहीं लगता। बारिश के दिनों में यहां का तापमान कम हो जाता है और चारों तरफ गहरी धुंध और ठंडी हवाएं चलने लगती हैं।

नक्की झील में बोटिंग करते हुए चारों तरफ की हरी-भरी वादियों को देखना सुखद अहसास देता है। वहीं, राजस्थान की सबसे ऊंची चोटी गुरु शिखर से बादलों को अपने बेहद करीब से गुजरते हुए देखना प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अनोखा अनुभव है।

कुंभलगढ़ फोर्ट (राजसमंद): इतिहास और प्रकृति का संगम

कुंभलगढ़ किला मानसून में बेहद भव्य और आकर्षक नजर आता है। बारिश के बाद जब अरावली के घने जंगल और पहाड़ियां पूरी तरह हरे हो जाते हैं, तब इस विशाल किले के ऊपर से दिखने वाला नजारा बेहद शानदार होता है। यहां बहती ठंडी हवाएं और शानदार लगते हैं। पास में स्थित कुंभलगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में भी मानसून के दौरान घूमने लायक रहता है।

झालावाड़: पानी के बीच घिरा अनोखा किला

झालावाड़ में स्थित गागरोन का किला राजस्थान के सबसे अनोखे किलों में से एक है। यह बिना किसी नींव के सीधे चट्टान पर बना हुआ है और तीन तरफ से आहू और काली सिंध नदियों के पानी से घिरा है।

मानसून के दौरान जब नदियां पूरे उफान पर होती हैं और चौथी तरफ की पहाड़ियां हरी-भरी हो जाती हैं, तो यह किला पानी के बीच तैरता हुआ सा प्रतीत होता है। यह नजारा बेहद खूबसूरत लगता है।

बूंदी: बावड़ियों और झरनों का शहर

अरावली की गोद में बसा बूंदी शहर मानसून में अपने एक अलग ही रंग में नजर आता है। इतिहास और वास्तुकला के शौकीनों के लिए यह बेहतरीन जगह है।

बारिश शुरू होते ही यहां के पहाड़ी रास्तों में छोटे-छोटे प्राकृतिक झरने बहने लगते हैं। शहर का ऐतिहासिक तारागढ़ किला जब बादलों की ओट में छिपता है, तो उसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। इसके अलावा, नवल सागर झील का शांत पानी और शहर की प्राचीन बावड़ियां पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।

जयपुर: गुलाबी नगरी का हरा-भरा अंदाज

राजधानी जयपुर भी मानसून में खूबसूरत हो जाता है। यहां के ऐतिहासिक किले बारिश के पानी से धुलकर चमक उठते हैं। आमेर किला, नाहरगढ़ और जयगढ़ किला जब बादलों से घिर जाते हैं, तो यहां से पूरे जयपुर शहर का नजारा अद्भुत दिखता है। नाहरगढ़ की पहाड़ियों पर ठंडी हवाओं के बीच खड़े होना पर्यटकों को खूब पसंद आता है। इसके अलावा, आमेर की तलहटी में स्थित कनक वृंदावन गार्डन भी इस मौसम में पूरी तरह खिल उठता है।

अलवर और सरिस्का बेस्ट डेस्टिनेशन

दिल्ली और एनसीआर के करीब रहने वाले लोगों के लिए मानसून में अलवर और सरिस्का सबसे बेस्ट वीकेंड डेस्टिनेशन हैं। अलवर की प्रसिद्ध सिलीसेढ़ झील मानसून में पानी से लबालब भर जाती है, जहां बोटिंग का आनंद लिया जा सकता है। वहीं, सरिस्का टाइगर रिजर्व के घने जंगल बारिश के बाद एकदम नए और तरोताजा नजर आते हैं। इस मौसम में यहां वन्यजीवों और रंग-बिरंगे पक्षियों को देखने का मजा दोगुना हो जाता है।

बांसवाड़ा: सौ टापुओं का शहर

राजस्थान में स्थित बांसवाड़ा को यहां बहने वाली माही नदी के कारण 'सौ टापुओं का शहर' कहा जाता है। बारिश के दिनों में यहां का प्रसिद्ध माही बांध जब पानी से भर जाता है, तो इसके गेट खोले जाते हैं, जिसे देखना अपने आप में अद्भुत लगता है। चारों तरफ बहते झरने, नदियां और शांत प्राकृतिक वातावरण फोटोग्राफी के शौकीनों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी खजाने से कम नहीं है।

मानसून में घूमने के दौरान बरतें सावधानियां

  • ऐतिहासिक किलों और महलों के पत्थर सदियों पुराने हैं। बारिश के पानी की वजह से इन पर काई जम जाती है, जिससे पैर फिसलने का खतरा बढ़ जाता है।
  • राजस्थान के कुछ शहरों के पुराने इलाकों में भारी बारिश के बाद अचानक पानी भर जाता है। इसके अलावा बरसाती नदी-नालों या पहाड़ों से बहते झरनों के बहुत करीब जाने की गलती न करें।
  • अगर आप खुद गाड़ी चलाकर जा रहे हैं, तो पहाड़ी रास्तों (जैसे माउंट आबू या कुंभलगढ़ के रास्ते) पर गाड़ी की रफ्तार धीमी रखें। मानसून में पहाड़ों पर दृश्यता कम हो जाती है और फिसलन बढ़ जाती है।
  • होटल से बाहर किसी भी दर्शनीय स्थल के लिए निकलने से पहले स्थानीय मौसम विभाग की चेतावनी या समाचार जरूर देख लें, ताकि आप किसी भारी जाम या परेशानी में न फंसें।
Published on:
23 Jun 2026 02:16 pm