जयपुर

कांग्रेस MLA भाकर की शादी में ‘VIP’ चालकों की मनमानी, डेढ़ घंटे जाम में फंसे रहे DGP, नोटिस जारी

Sikar Road Traffic Jam: लाडनूं से कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर के विवाह समारोह में वीआइपी मेहमानों के काफिलों और भारी भीड़ के कारण सीकर रोड पर जाम लग गया।
2 min read
Apr 09, 2026
MLA Mukesh Bhakar Traffic Jam
फोटो: AI जनरेटेड

MLA Mukesh Bhakar Wedding: लाडनूं से कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर के विवाह समारोह में उमड़ी भारी भीड़ और वीआइपी मेहमानों के वाहनों की रेलमपेल ने सीकर रोड की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि जाम लगने का मुख्य कारण वीआइपी काफिलों के चालकों की ओर से जल्दबाजी में रॉन्ग साइड में गाड़ियां दौड़ाना रहा।

हालात इतने बेकाबू थे कि खुद राजस्थान पुलिस के मुखिया DGP राजीव शर्मा को डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। इस बड़ी चूक के बाद पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

अनुमान से 3 गुना ज्यादा पहुंचे मेहमान

स्पेशल पुलिस कमिश्नर की रिपोर्ट के अनुसार, आयोजन में करीब 8 हजार मेहमानों के आने का अनुमान जताया गया था, लेकिन वास्तविकता में 25 हजार से अधिक लोग पहुंच गए।

सीकर रोड पर पहले से ही एक अन्य कार्यक्रम के कारण दबाव था, इसी बीच रात 8 बजे के बाद वीवीआइपी मूवमेंट तेज होने से यातायात पूरी तरह थम गया ।

70 पुलिसकर्मी तैनात, फिर भी तालमेल की कमी

पुलिस की ओर से हरमाड़ा थाना क्षेत्र में 70 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। वहीं, यातायात प्रबंधन के लिए ट्रैफिक एसीपी किशोर सिंह भदौरिया, निरीक्षक सम्पतराज और मंजू चौधरी के नेतृत्व में 36 पुलिसकर्मी विवाह स्थल के आस-पास तैनात किए गए थे।

वीवीआइपी मूवमेंट के लिए 14 विशेष पॉइंट भी बनाए गए, लेकिन रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि इतनी बड़ी फोर्स होने के बावजूद पुलिसकर्मियों के बीच टीम भावना और समन्वय का भारी अभाव रहा, जो अव्यवस्था का बड़ा कारण बना।

काफिलों की कतार ने बढ़ाई मुश्किल

समारोह में पहुंचे नेताओं के साथ वाहनों के बड़े काफिले भी जाम का सबब बने। कांग्रेस नेता विनोद जाखड़ 30 वाहनों के साथ पहुंचे, निर्मल चौधरी के साथ 35, रविन्द्र भाटी के साथ 8 और सचिन पायलट के साथ 45 वाहनों का काफिला पहुंचा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के दौरान वाहनों के इस भारी दबाव ने स्थिति को नियंत्रण से बाहर कर दिया, जिससे आसपास की सड़कों पर भी लंबा जाम लग गया और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा ।

Updated on:
09 Apr 2026 09:17 am
Published on:
09 Apr 2026 09:17 am