
जयपुर। पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर प्यार का भरोसा, उसके बाद पैसों की मदद और आखिर में देश की सुरक्षा से खिलवाड़। पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों ने भारत में अपनी साजिशों को अंजाम देने के लिए एक नया तरीका अपनाया। अब उनका मकसद सिर्फ हथियारों की तस्करी या सीमा पार से घुसपैठ तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों को भावनात्मक रिश्तों और आर्थिक लालच में फंसाकर अपने नेटवर्क का हिस्सा बनाना भी है। श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में राजस्थान एटीएस के खुलासे ने इसी खतरनाक साजिश की परतें खोल दी हैं। जांच में गिरफ्तार महकदीप कौर को साजिश का अहम किरदार बताया गया है, जबकि उसका साथी देवेन्द्र सिंह वारदात में मददगार बना।
एटीएस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क को पाकिस्तान में बैठा शाह नाम का हैंडलर संचालित कर रहा था। उसने महकदीप कौर के साथ भावनात्मक और रोमांटिक संबंध बनाए। इसके बाद उसे भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की साजिश में शामिल किया। जांच में पाकिस्तान में मौजूद चाचा नाम के एक अन्य व्यक्ति से भी संपर्क और निर्देश मिलने की बात सामने आई है। इस तरह सीमा पार बैठे हैंडलरों ने स्थानीय स्तर पर अपने लिए मददगार तैयार किए।
एडीजी एटीएस दिनेश एमएन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस साजिश के लिए आरोपियों को कुल 2.23 लाख रुपए की फंडिंग की गई थी। इसमें एक लाख रुपए नकद दिए गए, जबकि शेष रकम बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। जांच एजेंसियों ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और 30 हजार रुपए नकद भी बरामद किए। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से महकदीप कौर और देवेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी करीब एक महीने से इस वारदात की तैयारी में जुटे थे। अक्टूबर में दो बार उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। आखिरकार 3 नवंबर को श्रीगंगानगर के 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ। इस घटना ने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
राजस्थान में पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में महिलाओं के आने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एटीएस गंगापुर सिटी से बबीता नाम की महिला को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में उसके पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क और प्रेमजाल में फंसने की बात सामने आई थी। अब महकदीप की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जांच का अगला फोकस इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों, स्थानीय मददगारों और सीमा पार बैठे हैंडलरों तक पहुंचना है।