जयपुर

Jaipur Murder: जयपुर में खौफनाक वारदात, सिक्योरिटी गार्ड की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, मचा हड़कंप

Parking Murder Case: जयपुर के गलता गेट इलाके में एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई। गार्ड का शव पार्किंग में लहूलुहान हालत में मिला।

2 min read
Mar 23, 2026
मृतक प्रमोद कुमार यादव। फाइल फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजधानी के गलता गेट इलाके में रविवार रात जैन नसिया के पास स्थित पार्किंग में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Murder: मामूली विवाद में खूनी खेल, छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई को मौत के घाट उतारा, इलाके में सनसनी

एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे सूचना मिली कि जैन नसिया पार्किंग में गार्ड घायल अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है। सूचना पर गलता गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां गार्ड का शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला।

कनपटी पर पत्थर से वार

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी प्रमोद कुमार यादव (करीब 50-51 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि उनकी कनपटी पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

यूपी में रहता है परिवार

थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि प्रमोद कुमार पिछले करीब 5-6 महीनों से जयपुर में रहकर एक निजी पार्किंग में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। उनका परिवार उत्तर प्रदेश में ही रहता है। वे गलतागेट स्थित खोले के हनुमानजी मंदिर के सामने किराए के मकान में रह रहे थे।

शव परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एसएमएस अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिजन और रिश्तेदारों को घटना की सूचना दे दी गई थी, जिसके बाद वे जयपुर पहुंचे।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

मृतक के बेटे रंजीत ने बताया कि उनके पिता यहां काम के सिलसिले में रह रहे थे और किसी से पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं है। फिलहाल परिवार भी घटना से स्तब्ध है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात के पीछे किसका हाथ है और इसके क्या कारण हैं, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

Spy Arrested: राजस्थान इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई, सिविलकर्मी गिरफ्तार, पाक हैंडलर्स को पहुंचा रहा था जानकारी

Also Read
View All

अगली खबर