जयपुर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के साथ सुनी पीएम मोदी के ‘मन की बात’, युवाओं को किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण में खेल, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रेरक उदाहरण साझा किए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के साथ कार्यक्रम सुनते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विचार नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण, सकारात्मक बदलाव और विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

2 min read
May 31, 2026
युवाओं के साथ मन की बात सुनते सीएम भजनलाल (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित करते हुए खेल, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई प्रेरणादायक उदाहरण साझा किए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर युवाओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए एथलीट गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से संवाद किया। उन्होंने देश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। साथ ही देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील भी की।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: रूस से MBBS की पढ़ाई पूरी कर लौटे युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कुछ महीनों में होने वाली थी शादी

इन गतिविधियों का पीएम ने किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न हिस्सों में समाज और पर्यावरण के लिए काम कर रहे लोगों के प्रयासों को भी रेखांकित किया। उन्होंने केरल के आलुवा में संचालित एक अनोखे स्विमिंग क्लब, विभिन्न एस्ट्रोनॉमी क्लबों और खगोल विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों का जिक्र किया। इसके अलावा भारत की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एम्बुलेंस, उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मनोरमा नदी को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयास, गोवा में पाइपलाइन बिछाने के नवाचार और तमिलनाडु में सैनिकों के सम्मान में चलाए जा रहे अभियानों की सराहना की।

चोल काल की ताम्र पट्टिकाओं का उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारत वापस लाई गई चोल काल की प्राचीन ताम्र पट्टिकाओं का भी उल्लेख करते हुए देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न राज्यों में मिलने वाली आम की विशेष किस्मों का जिक्र करते हुए भारत की विविधता और समृद्ध परंपराओं को भी रेखांकित किया।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण- भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम के बाद कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़ने, नवाचार को अपनाने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार युवाओं को सकारात्मक सोच, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।

‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला अभियान : मदन राठौड़

वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के माध्यम से युवा प्रतिभाओं, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर प्रेरक संदेश दिया है। राठौड़ ने लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और मर्यादित राजनीतिक भाषा के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि सकारात्मक राजनीति ही देश को आगे बढ़ाने का आधार बन सकती है।

ये भी पढ़ें

Donald Trump Daughter in Jaisalmer: टिफनी ट्रंप पहुंचीं सोनार दुर्ग, राजमहल की छत से निहारी स्वर्णनगरी
Also Read
View All