
Pre-Monsoon Rain Alert: राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तेज धूलभरी आंधी, झोंकेदार हवाओं और हल्की बारिश का दौर देखने को मिला। राहत की बात यह रही कि प्रदेश में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 17 से 22 जून तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में तेज रेतीली आंधी और बारिश की जारी रहने की संभावना है। वहीं केंद्र ने गुरुवार को राजस्थान के 30 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इधर प्री-मानसून के चलते बीते एक दिन में देश में सबसे अधिक 50.4 मिमी बारिश पिलानी (झुंझुनूं) में दर्ज की गई। इसके अलावा सूरतगढ़ में 29मिमी, सीकर में 25मिमी, श्रीगंगानगर में 11.2मिमी और झुंझुनूं में 10मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश दर्ज हुई। आंधी-बारिश से पिलानी में दिन का पारा 13 और चूरू में 12.2 डिग्री सामान्य से कम दर्ज किया गया।
तापमान की बात करें तो फलोदी 42 डिग्री सेल्सियस के साथ राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा। इसके बाद जैसलमेर में 40.5, बाड़मेर में 40.1 और कोटा में 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। प्री-मानसून गतिविधियों और बादलों की आवाजाही के कारण कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। रात के तापमान में जोधपुर और बीकानेर सबसे गर्म रहे, जहां न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां फिलहाल बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज रेतीली आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। इससे दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, हालांकि आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।