
Rajasthan Panchayat Elections : जयपुर. राजस्थान में निकाय पंचायत चुनाव को विधानसभा का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में मतों का गणित देखा जाए तो इस बार निकाय-पंचायत चुनाव दोनों में कांग्रेस को मिले मतों ने भाजपा को 12.97 लाख से अधिक से पीछे छोड़ दिया। नगरीय निकाय चुनाव में जहां भाजपा ने 98 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बनाकर कांग्रेस को हराया। वहीं पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को 13.30 लाख वोट अधिक मतों से हराया। पंचायत चुनाव के नतीजों ने सत्तापक्ष के लिए चेतावनी का अलार्म बजा दिया है।
राजस्थान में क्षेत्रीय दलों के रूप में पहचान बना चुके रालोपा व बीएपी दोनों को पंचायत चुनाव में कुल करीब 25 लाख मतदाताओं का साथ मिला, जो भाजपा और कांग्रेस के मतों के अंतर से काफी अधिक है।
पंचायत चुनाव में कुल 2.73 करोड़ से वोट डाले गए, जिनमें से 37 जिलों में 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 लोगों ने मतदान किया। उधर, निकाय चुनाव में इस बार 1 करोड़ 6 लाख 82 हजार 294 वोट डाले गए। पंचायत समिति और नगरीय निकाय चुनाव को जोड़कर देखा जाए तो कांग्रेस को भाजपा से करीब साढ़े तीन फीसदी वोट अधिक मिले।
वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में पंचायत चुनावों के नतीजों में हर बार सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच उलटफेर होता रहा है। कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस ग्रामीण मतदाताओं का भरोसा जीतने में सफल रही। खास बात यह है कि 2010 के चुनाव तक जिला परिषदों में कांग्रेस आगे रही, लेकिन उसके बाद 2 चुनावों में भाजपा ने बढ़त बनाई और उस पर सत्ता के आने जाने का भी कोई असर नहीं हुआ। लेकिन इस बार फिर पुराना ट्रेड नजर आ रहा है, जिसमें कांग्रेस ने बढ़त बनाई है।
प्रदेश में पहली बार 'एक राज्य-एक चुनाव' की तर्ज पर सभी 41 जिला परिषदों के चुनाव एक साथ कराए गए है। शुक्रवार को 37 जिला परिषदों के आए परिणामों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा के मुकाबले बढ़त बनाई है। कांग्रेस दो दर्जन से अधिक जिला परिषदों में आगे है, जबकि भाजपा छह में बढ़त की स्थिति में है। पंचायत समितियों के परिणामों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा है। हालांकि पंचायत चुनावों का इतिहास बताता है कि ग्रामीण मतदाता हर बार एक ही दल के साथ नहीं रहते।
पिछले चार चुनावों में जिला प्रमुख और प्रधान के पदों पर दोनों दलों के बीच सत्ता बदलती रही है। जिला परिषद के 1275 वार्डों में से रात तक 1199 के परिणाम आए। इनमें भाजपा ने 349 और कांग्रेस ने 747 वार्ड जीते। पंचायत समितियों के 7543 वार्डों में भाजपा को 2213 और कांग्रेस को 3758 वार्डों में जीत मिली। शेष सीटों पर क्षेत्रीय दलों और निर्दलीयों ने जीत दर्ज की।