
जयपुर। राजस्थान बजट में युवाओं को भजनलाल सरकार ने बड़ी सौगात दी है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्त मंत्री दिया कुमारी ने बजट घोषणा में 10 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त लोन देने का एलान किया।
विधानसभा में बजट घोषणा के दौरान वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को 10 लाख तक ब्याज फ्री कर्ज दिया जाएगा। इस योजना के लिए 1,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिससे 30,000 युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्टूडेंट्स के लिए भी घोषणाओं की झड़ी लगा दी।
-कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को टैबलेट/लैपटॉप के लिए 20,000 रुपए का ई-वाउचर दिया जाएगा, ताकि वे अपनी पसंद का डिवाइस खरीद सकें।
-अगले सत्र (2026-27) से 500 नए स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू होगी।
-प्रत्येक जिले में एक स्कूल को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।
-टॉयलेट सुविधा से वंचित सभी स्कूलों में नए टॉयलेट बनाए जाएंगे।
-प्रदेश में 14 नए मानव संसाधन संस्थान खुलेंगे।
-हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए युवाओं को अंग्रेजी, जापानी, फ्रेंच, जर्मन और कोरियन भाषाओं की ट्रेनिंग दी जाएगी।
-आउटकम स्किल बेस्ड बोर्ड का गठन होगा, जो युवाओं को 'एम्प्लॉयबल' (रोजगार योग्य) बनाएगा।
-अजमेर, भरतपुर और कोटा में Data Lab और AI Lab जैसे नेक्स्ट जेनरेशन टेक्नो हब स्थापित होंगे। इस पर 20 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
-150 और कॉलेजों में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र स्थापित होंगे, जिससे कुल 50,000 छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग मिलेगी।
-युवाओं की मेंटरिंग के लिए 'डिजिटल रेजिडेंस एंड एंपावरमेंट मेंटरिंग' (DREAM) प्रोग्राम चलाया जाएगा।
-1 से 8 वीं तक के 40 लाख छात्रों को फ्री यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ खर्च होंगे।