जयपुर

CET Graduation Level 2024: राजस्थान में अब CET में नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग, RSSB ने 16 दिन बाद ही पलटा फैसला, जानें क्यों

Rajasthan CET Graduation Level 2024: राजस्थान में होने वाली समान पात्रता परीक्षा (CET) ग्रेजुएशन लेवल में अब नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। अब बोर्ड की ओर से दोबारा सीईटी परीक्षा की विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Aug 2024, 5:11 PM IST
Rajasthan CET Graduation Level 2024

RSSB Latest News: जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड से एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान में होने वाली समान पात्रता परीक्षा (CET) ग्रेजुएशन लेवल में अब नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। स्टूडेंट्स के विरोध और आवेदनों में कमी के चलते 16 दिन बाद ही राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने अपना फैसला पलट दिया है। अब बोर्ड की ओर से दोबारा सीईटी परीक्षा की विज्ञप्ति जारी की जाएगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने सोशल साइट एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा कि सीईटी परीक्षा के संदर्भ में अभी तक बहुत सारे फीडबैक मिले है। ऑनलाइन फॉर्म की भरी हुई संख्या में कमी और विभिन्न वर्गों के कैंडिडेट्स की सफल-असफल होने की संभावनाओं के विश्लेषण के बाद बोर्ड ने निर्णय है कि सीईटी परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी जाए। इसके लिए विज्ञप्ति शीघ्र जारी होगी।

आगे नहीं बढ़ाई जाएगी लास्ट डेट

उन्होंने आगे लिखा कि सीईटी स्नातक के सभी कैंडिडेट्स से अनुरोध है कि शीघ्रता से अपने ऑनलाइन फॉर्म भरें। अंतिम डेट का इंतजार न करें। आखिरी दिन पर कई बार वेबसाइट हैंग हो जाती है, ऐसा सुना है। इस बार लास्ट डेट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। तो कृपया शीघ्र ही सीईटी का फॉर्म भरें।

16 दिन बाद ही बोर्ड ने पलटा अपना फैसला

बता दें कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 6 अगस्त को सामान पात्रता परीक्षा की विज्ञप्ति जारी की थी। जिसमें गलत जवाब देने पर एक तिहाई अंक काटने का प्रावधान रखा था। बोर्ड के इस फैसले का स्टूडेंट्स ने विरोध किया था। ऐसे में अब भजनलाल सरकार के हस्तक्षेप के बाद कर्मचारी चयन बोर्ड ने अपना ही फैसला पलटते हुए नेगेटिव मार्किंग खत्म कर सामान्य प्रक्रिया के तहत समान पात्रता परीक्षा कराने का फैसला किया है।

सीईटी में ये भर्ती परीक्षाएं शामिल

राजस्थान में सीईटी परीक्षा स्नातक स्तर का आयोजन 25 से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी 9 अगस्त से 7 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। सीईटी के स्कोर के आधार पर अभ्यर्थी भविष्य में होने वाली 11 भर्तियों में हिस्सा ले सकेंगे।

Updated on:
23 Aug 2024, 5:11 PM IST
Published on: