CM Bhajanlal Meeting : सीएम भजनलाल शर्मा ने बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड़), जगतपुरा एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए। साथ ही अरण्य भवन से जगतपुरा एलिवेटेड रोड के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
CM Bhajanlal Meeting : सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर शहर के आमजन को मेट्रो के जरिये सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को जयपुर मेट्रो के विस्तार फेज की प्लानिंग में सभी प्रमुख स्थानों को शामिल करने एवं जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखकर नवीन मेट्रो फेज की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
सीएम भजनलाल शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास एवं नियंत्रित लागत बेहद जरूरी है। इसी क्रम में घनी आबादी क्षेत्र के लिए मेट्रो विस्तार फेज को वर्तमान मेट्रो लाइन्स से जोड़ने की कार्ययोजना को प्रमुखता से बनाया जाए।
उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2025-26 में जगतपुरा एवं वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार के लिए डीपीआर बनाने की घोषणा की गई थी, जिसके क्रम में जयपुर मेट्रो के अधिकारियों ने प्रस्तावित एलाइनमेंट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। सीएम भजनलाल ने बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड़), जगतपुरा एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने जेडीए अधिकारियों को अरण्य भवन से जगतपुरा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जेडीए एवं जयपुर मेट्रो आपसी सामंजस्य से काम करें।
सीएम भजनलाल ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) एवं फेज-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति का भी विवरण लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के जरिए मेट्रो परियोजना की विभिन्न कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड वैभव गालरिया, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण श्री सिद्धार्थ महाजन सहित जयपुर मेट्रो एवं जेडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।
जयपुर मेट्रो फेज-2 का रूट बेहद सुविधाजनक है। यह रूट ट्रैफिक सर्वे, फील्ड स्टडी और आर्थिक विश्लेषण के आधार पर तैयार किया गया है। नया फेज में मेट्रो टोड़ी मोड़ (सीकर रोड) से लेकर प्रह्लादपुरा (टोंक रोड के पास रिंग रोड) तक चलेगी। यह करीब 43 किमी लंबा कॉरिडोर होगा। इसमें 36 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।