जयपुर

‘राहुल गांधी केवल देश को तोड़ने की बात करते हैं’, जम्मू में बोले CM भजनलाल; धारा 370 हटने के गिनाए फायदे

Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जम्मू में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल, घोटाले तथा लूट की राजनीति करने वाली कांग्रेस केवल जनता से झूठे वादे करती है।
3 min read
• •
Updated: 24 Sep 2024, 5:16 PM IST
Feature image

Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी केवल देश को तोड़ने की बात करते हैं। उन्हें सोचना चाहिए कि देश को तोड़ने का काम तो उनके पूर्वजों ने ही किया है। देश में आपातकाल, घोटाले तथा लूट की राजनीति करने वाली कांग्रेस केवल जनता से झूठे वादे करती है। जम्मू-कश्मीर में अब जनता इनके इरादों को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर हिन्दुस्तान का मुकुट है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था में अद्वितीय सुधार हुआ है। जम्मू कश्मीर में न केवल आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है बल्कि यहां के लोगों का जीवन स्तर भी बढ़ा है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत सोमवार को ‘बनी‘ विधानसभा प्रत्याशी जीवन लाल के समर्थन में कठुआ के दुग्गैन तथा दुग्गन सहित विभिन्न जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के अभूतपूर्व नेतृत्व में पहले के जम्मू-कश्मीर और आज के जम्मू-कश्मीर में बड़ा बदलाव आया है। अब यहां के लोगों में उमंग-उत्साह की नई किरण दिखाई दे रही है जो यहां विकास की रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहे लोगों की खुशहाली का प्रतीक है।

धारा 370 हटने से खुले विकास के द्वार

मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 का हटना जम्मू-कश्मीर के विकास में मील का पत्थर साबित हुआ है। इस फैसले से न केवल कश्मीर में विकास के द्वार खुले हैं बल्कि पूरा देश भी एकजुट हुआ है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाने के विरोध में केन्द्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था। उनका मानना था कि एक देश में दो निशान-दो विधान नहीं होने चाहिए। उन्हीं की भावना के अनुसार जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को हटाया गया जिससे यहां विकास की एक नई शुरूआत हुई।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब कश्मीर में आए दिन गोलियां चलती थीं और डर का साया रहता था। लेकिन आज डर का माहौल खत्म हो चुका है तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी क्षेत्र में अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हैं। इससे जम्मू-कश्मीर की आय में भी वृद्धि हुई है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी- भजनलाल शर्मा

इस दौरान सीएम भजनलाल ने कहा कि इस देश में सबसे ज्यादा समय तक राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने कभी भी आमजन के हितों की परवाह नहीं की। नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को बरगलाकर उन्हें आतंकवाद और अलगाववाद की आग में झोंक दिया, और आज वही पार्टियां लोगों के पास वोट मांगने आ रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ऐसी पार्टियों तथा नेताओं से बचकर भाजपा को अपना वोट दें जिससे घाटी के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें।

केन्द्र की योजनाओं का मिल रहा लाभ- CM

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके निर्णयों से जम्मू-कश्मीर की जनता को भी लाभ मिला है। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूरे देश में 4 करोड़ गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला उनमें से 2.71 लाख से अधिक परिवारों को जम्मू-कश्मीर में लाभ मिला। गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत क्षेत्र के 72.41 लाख लोगों को निःशुल्क राशन दिया गया। साथ ही, समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर के किसानों के लिए 5 हजार करोड़ रुपए की योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि यहां के केसर, भदरवाह राजमश, रामबन सुलाई शहद और उधमपुर के कलाड़ी कुलचा इत्यादि को जी.आई. टैग मिलने से यहां के किसानों के जीवन में खुशहाली आई है।

पीएम मोदी की योजनाओं की तारीफ की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने विकास की सभी योजनाओं से जम्मू-कश्मीर को जोड़ा है। भारत शांति एवं प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है तथा जम्मू-कश्मीर उससे जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से इतनी बड़ी संख्या में लोग बड़े उत्साह तथा उमंग के साथ अपना समर्थन देने आए हैं, जो यह दर्शाता है कि क्षेत्र में अधिक से अधिक सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान भाजपा प्रत्याशी जीवन लाल को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह, भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Updated on:
24 Sep 2024, 5:16 PM IST
Published on: