
Rajasthan Crime Story: जयपुर: बीते कुछ समय में राजस्थान के अलग-अलग जिलों से दिल दहला देने वाली ऐसी पांच घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन सभी मामलों में या अवैध संबंध या तो पारिवारिक कलह के चलते पत्नियों ने अपने ही पति की हत्या करवा दी। आइए जानते हैं राजस्थान के इन पांच हत्याकांडों की पूरी इनसाइड स्टोरी, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए।
कोटा जिले में आरकेपुरम थाना क्षेत्र के आंवली रोजड़ी इलाके से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। यहां रहने वाले रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा की उनकी ही पत्नी दीपिका ने बेरहमी से हत्या करवा दी थी।
बता दें कि दीपिका के देवेश नाम के एक युवक के साथ बीते चार साल से अवैध संबंध चल रहे थे। जब मनोज घर पर रहने लगा तो वह दोनों के प्यार के बीच रोड़ा बनने लगा।
एक रात दीपिका ने पूरी साजिश के साथ अपने प्रेमी देवेश और उसके दोस्त विष्णु को घर बुलाया। तीनों ने पहले बैठकर शराब पी। इसके बाद जब मनोज गहरी नींद में सो गया, तो दीपिका ने उसके हाथ पकड़ लिए और प्रेमी ने गला घोंटकर मनोज को मौत के घाट उतार दिया।
हद तो तब हो गई जब सुबह आरोपियों ने शव को पलंग पर लेटा दिया, ताकि मौत सामान्य लगे और वे अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। लेकिन घर में रोने-धोने की आवाज न आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस बुलाई, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ और पुलिस ने घेराबंदी कर पत्नी व उसके प्रेमी को धर दबोचा।
यह मामला अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव से सामने आया। यहां एक पूर्व सरपंच के परिवार में कत्लेआम मच गया। मृतक राम सिंह चौधरी ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसे लेकर उसकी पहली पत्नी सुनीता के साथ आए दिन झगड़ा होता था। यह विवाद इतना बढ़ा कि सुनीता ने खौफनाक कदम उठा लिया।
सुनीता ने अपनी बेटी सरिता और एक नाबालिग बेटे के साथ मिलकर धारदार हथियारों से अपने ही पति राम सिंह, अपनी सास पूसी देवी, सौतन सुरज्ञान और एक रिश्तेदार महिमा पर हमला कर दिया। तीनों ने मिलकर चारों को मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद वारदात को हादसा दिखाने के लिए उन्होंने चारों लाशों को राम सिंह की ही कार में डाला और घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर कार में आग लगा दी। जलती कार को देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने जांच की तो चंद घंटों में ही पहली पत्नी और उसके बच्चों का यह खौफनाक राज खुल गया।
श्रीगंगानगर जिले में भी अवैध संबंधों की वजह से एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को अपनी जान गंवानी पड़ी। यहां एक शिक्षिका पत्नी का अपने ही एक साथी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति उनके इस रिश्ते के बीच में आ रहा था, इसलिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली।
उन्होंने बड़ी ही चालाकी से शिक्षक की गला दबाकर हत्या की और सबूत मिटाने के उद्देश्य से लाश को एक सुनसान खेत में ले जाकर गहरे गड्ढे में दफना दिया। जब शिक्षक कई दिनों तक लापता रहा, तो पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की।
कॉल डिटेल्स और शक के आधार पर जब पुलिस ने पत्नी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सब उगल दिया। पुलिस ने पत्नी की निशानदेही पर खेत की खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा।
श्रीगंगानगर जिले के ही नई मंडी घड़साना इलाके से एक और दिल दहला देने वाला 'ब्लाइंड मर्डर' केस सामने आया था। यहां के चक निवासी 35 वर्षीय भजनलाल अचानक लापता हो गए थे।
परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके कुछ दिनों बाद फलोदी के नोख इलाके में एक नहर से उनका शव बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम में सामने आया कि भजनलाल के सिर पर गहरी चोट थी और गले में रस्सी के निशान थे।
जब पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में विशेष टीम ने जांच की, तो परतें खुलती चली गईं। असल में भजनलाल की पत्नी इंदिरा देवी का गांव के ही प्रभुदयाल नाम के युवक से प्रेम संबंध था। दोनों ने भजनलाल को रास्ते से हटाने के लिए पहले उसके सिर पर भारी चीज से वार कर उसे बेहोश किया, फिर रस्सी से गला घोंट दिया।
हत्या को हादसा दिखाने के लिए उन्होंने रात के अंधेरे में भजनलाल की लाश को उसकी मोटरसाइकिल के साथ ही इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर इंदिरा और उसके प्रेमी प्रभुदयाल को गिरफ्तार कर लिया है।
धौलपुर जिले में एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों को छुपाने और प्रेमी को पाने के लिए अपने सुहाग की बली चढ़ा दी। पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की और पहचान छुपाने के लिए शव को ऐतिहासिक धौलपुर किले की एक गहरी खाई में फेंक दिया।
जब दुर्गंध आने पर लोगों को खाई में शव होने का पता चला, तो पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त होने के बाद जब पुलिस ने मृतक के परिवार और उसकी पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखी, तो पत्नी का झूठ ज्यादा देर टिक नहीं सका।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात का ताना-बाना बुना था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पत्नी और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।