जयपुर

LPG Crisis : रसोई गैस संकट ने बदला जयपुर में शादियों का ट्रेंड, होटल मालिक खुशी से झूमे

LPG Crisis : एलपीजी संकट के कारण शादियां मैरिज गार्डन की तुलना में होटलों व बैंक्वेट हॉल में शिफ्ट हो रही है। अचानक होटल्स को शादी समारोह के बुकिंग मिलने लगी हैं। जिस वजह से होटल मालिक खुशी से झूम उठे हैं।
2 min read
Rajasthan LPG crisis changes wedding trends in Jaipur hotel owner was overjoyed Marriage garden owner disappointed
ग्राफिक्स फोटो पत्रिका

LPG Crisis : एलपीजी संकट के कारण शादियां मैरिज गार्डन की तुलना में होटलों व बैंक्वेट हॉल में शिफ्ट हो रही है। होटलों में व्यावसायिक सिलेंडर की 70 फीसदी आपूर्ति ने वेडिंग टूरिज्म को रफ्तार दे दी है। ऐसे में सावों के बीच शादी समारोह के आयोजन का ट्रेंड भी बदलता दिख रहा है। 350 से 500 तक मेहमानों वाले परिवार शादी समारोह के लिए बजट होटल से लेकर तीन सितारा होटल्स को प्राथमिकता दे रहे हैं।

होटल कारोबारियों के अनुसार अप्रेल के सावों में 40 फीसदी बुकिंग शादी समारोह की मिली है। पहले जहां एक होटल में शादी की बुकिंग के लिए 10-15 इन्क्वायरी आती थी, वहीं इन दिनों ये बढ़कर 20 से 35 हो गई हैं। फेडरेशन ऑफ राजस्थान होटल एसोसिएशन के सचिव राहुल अग्रवाल ने बताया कि शादियों में लोग होटलों में खास मेहमानों को ही बुला रहे हैं, इससे उनके बजट में शादियां हो रही है। होटलों में मंडल, तोरण गेट आदि की व्यवस्था करने के साथ बैंड-बाजा, डीजे, म्यूजिक, पंडित आदि भी व्यवस्था हो रही है।

सिलेंडर का संकट, मेहमानों की संख्या सीमित, होटल्स की ओर रुख

शादी के लिए मैरिज गार्डन बुक कराते समय शादी वाले परिवारों के सामने सिलेंडर के जुगाड की समस्या सबसे पहले सामने आई। ऐसे में शादी वाले परिवारों ने मेहमानों की संख्या को सीमित किया। जिससे एलपीजी संकट के दौरान मेहमानों की खातिरदारी में दिक्कत नहीं आए। ऐसे में 500 मेहमानों तक की सीमित संख्या में शादी वाले परिवारों ने बजट से लेकर थ्री स्टार होटल्स की तरफ रुख किया है।

सिलेंडर की 70 फीसदी आपूर्ति, कारोबार भी पटरी पर

होटल संचालकों के अनुसार एलपीजी संकट के चलते पर्यटन कारोबार डेढ महीने से बेपटरी था। लेकिन व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति का कोटा 70 फीसदी होने का फायदा तत्काल मिला। अब होटल्स को शादी समारोह के बुकिंग मिलने लगी हैं। ऐसे में कारोबार भी पटरी पर आ गया है और मई तक शादी समारोह की बुकिंग होटल संचालकों के पास हैं।

एलपीजी संकट का सीधा असर पर्यटन कारोबार से जुडे युवाओं के रोजगार पर सबसे ज्यादा आया। अब शादियों की बुकिंग मिलने से दो से तीन महीने तक उनके पास रोजगार रहेगा। अकेले जयपुर शहर में ही 30 हजार युवाओं को होटल्स में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला हुआ है।

40 फीसदी बुकिंग होटल्स में शिफ्ट हुई

जिला प्रशासन, गैस कंपनियों के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की तो 70 फीसदी कोटे के तहत व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति होटल्स को होने लगी। सीमित मेहमानों वाली शादियों की 40 फीसदी बुकिंग होटल्स में शिफ्ट हुई हैं। इससे कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है और युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलने लगे हैं।
रणविजय सिंह, सचिव, होटल फैडरेशन ऑफ राजस्थान

शादी वाले परिवारों को राहत मिली

होटल्स में सिलेंडर की आपूर्ति 70 फीसदी कोटे के अनुसार हो रही है। ऐसे में अब हमें 400 मेहमानों तक सीमित संख्या वाली शादियों की बुकिंग लगातार मिल रही हैं। सीमित मेहमानों की शादी वाले परिवारों को राहत मिली है।
डॉ.अनुराग कोटिया, चीफ सिक्योरिटी एंड लाइजनिंग मैनेजर, पांच सितारा होटल, टोंक रोड

Published on:
20 Apr 2026 10:59 am