जयपुर

Rajasthan LPG Crisis : सिलेंडर के लिए अब 7 की जगह 10 दिन का इंतजार, इस बीच आया एक और नया आदेश

Rajasthan LPG Crisis : राजस्थान में एलपीजी संकट के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। अब कर्मिशयल के बाद घरेलू गैस पर भी आफत आ गई है। इस बीच गैस कंपनियों का एक और नया आदेश आया है। जानें पूरा मामला।

3 min read
Rajasthan LPG Crisis Now waiting for cylinder for 10 days instead of 7 days Meanwhile another new order
अजमेर में सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लाइन। फोटो जय माखीजा

Rajasthan LPG Crisis : राजस्थान में एलपीजी संकट के बीच गैस कंपनियों ने पहले उपभोक्ताओं पर 25 दिन पहले सिलेंडर बुक करने की पाबंदी लगाई। अब मंगलवार को एक आदेश जारी कर गैस एजेंसियों से सीधे बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। इस पर उपभोक्ताओं ने जब टोल फ्री नंबर पर बुकिंग करने का प्रयास किया तो यह नंबर अमान्य होने का संदेश प्राप्त हो रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि वह गैस कहां पर बुक कराएं। इधर, एजेंसी संचालकों का कहना है कि नए नियम के चलते वह सीधी बुकिंग नहीं ले सकते हैं।

व्यावसायिक सिलेंडरों पर रोक से होटल, रेस्टोरेंट के कारोबार में करीब 25 फीसदी तक की कमी आई है। कैटरर्स ने नई बुकिंग लेने से फिलहाल हाथ खड़े कर दिए हैं। जो लोग शादियां या छोटे कार्यक्रमों के लिए पूछताछ कर रहे हैं। उन्हें होल्ड पर रखा जा रहा है।

रेस्टोरेंट में मिठाइयों की दुकानों पर सिगड़ी पर कढ़ाई चढ़ानी शुरू हो गई है। वर्षों से बंद पड़ी डीजल की भट्टियों से धूल झाड़ कर तैयार किया जा रहा है। इस बीच कुछ लोगों ने विवाह में भोजन या विवाह को ही कैंसिल करने पर भी विचार शुरू कर दिया है। मार्च और अप्रैल माह में जयपुर में करीब 10000 शादियां हैं।

एजेंसी पर बुकिंग बंद टोल फ्री नंबर अमान्य

गैस कंपनी के अधिकारी घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को बहाल बता रहे हैं लेकिन मंगलवार को जयपुर में ही खराब हालत सामने आए। उपभोक्ता 25 दिन बाद भी सिलेंडर बुक नहीं कर पाए। आईवीआरएस टोल फ्री नंबर पर संदेश आ रहा है कि यह नंबर अस्थाई रूप से अमान्य है। ऐसे में शहर की गैस एजेंसियों में अफरा तफरी मची है। परेशान उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे तो वहां उन्हें बताया गया कि सीधे गैस एजेंसी से बुकिंग बंद कर दी गई है।

कोटा : बुकिंग का आंकड़ा 25000 पर

ऑयल कंपनियों की ओर से कोटा में भी मंगलवार को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से एजेंसियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की डिलीवरी बंद कर दी है। घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी के 21 दिन बाद ऑनलाइन की जा रही है। एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते 3 दिन में बुकिंग का आंकड़ा 25 हजार पार कर गया है।

गांवों में नहीं पहुंचे उज्जवला सिलेंडर

एलपीजी संकट शहरों के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंच गया है। करौली, दौसा समेत कई जगह उज्जवला घरेलू गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिले। व्यापारियों के अनुसार रोजाना तैयार होने वाली मिठाइयों व नमकीन आदि बनाने में 15 फीसदी तक कटौती करना शुरू कर दिया गया है।

बॉटलिंग प्लांट से नहीं हो रही पर्याप्त आपूर्ति

प्रदेशभर की 1300 से ज्यादा एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर की बुकिंग का अंबार लग रहा है। हाल यह हैं कि जहां पहले सिलेंडर के लिए 7 दिन का इंतजार था। वहीं अब यह तीन दिन के भीतर बढ़ कर 10 दिन तक हो गया है। दिन में एजेंसियों की पड़ताल की गई तो संचालकों ने स्वीकार किया कि बॉटलिंग प्लांट से जरूरत के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है।

अगले 5 से 7 दिनों में दिखाई देगा प्रभाव

फूड प्रोडक्ट के साथ-साथ इंजीनियरिंग और फैब्रिक्स इंडस्ट्रीज पर भी पड़ सकता है। इसका प्रभाव अगले 5 से 7 दिनों में दिखाई देना शुरू हो जाएगा।
जगदीश सोमानी, प्रदेशाध्यक्ष, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल

व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहे

व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहे। काम कैसे करेंगे। बुकिंग अभी होल्ड पर रख रहे हैं।
मनोज सेवानी, अध्यक्ष, जयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति

शादी के घर मे बैचेनी

बेटी की शादी के कार्ड छप चुके हैं। 26 मार्च की शादी है। सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हुई तो 2 हजार लोगों का खाना कैसे बनेगा। एक-दो दिन में सप्लाई शुरू नहीं हुई तो संबंधी से कैंसिल करने को लेकर बात करेंगे।
मुकेश कुमार सैनी, बैनाड़ रोड

कारोबार प्रभावित

व्यावसायिक सिलेंडर पर रोक से 2 दिन में ही जयपुर में करीब 25 फीसदी कारोबार प्रभावित हो गया है। शहर के 35 से 40 हजार प्रतिष्ठानों पर मुश्किल आ गई है।
राजेंद्र रावत, अध्यक्ष जयपुर हलवाई समिति

राइडर से 20 फीसदी बढ़ गई पैनिक बुकिंग

घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को बहाल रखने और के लिए जैसे ही 25 दिन का राइडर लगाया तो पैनिक बुकिंग 20 फीसदी से ज्यादा बढ गई। पांबदियां उपभोक्तओं की सहूलियतों के लिए ही हैं। अब प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह से समान्य है और 10 दिन की वेटिंग भी नहीं है। हालांकि व्यवसायिक सिलेंडर पर रोक है।
आशीष कुमार, महाप्रबंधक, एलपीजी, राजस्थान स्टेट ऑफिस

Published on:
11 Mar 2026 07:43 am