जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पुनर्मतदान में 24 में से 15 वार्ड कांग्रेस ने जीते, BJP पिछड़ी, बूंदी में BSP बहुमत की ओर

राजस्थान पंचायत चुनाव में पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस ने 15 और भाजपा ने 6 वार्ड जीते। बूंदी पंचायत समिति में बसपा बहुमत के करीब पहुंची। जिला प्रमुख का चुनाव 25 और प्रधान का चुनाव 27 नवंबर को होगा।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 7:28 AM IST
rajasthan panchayat election Result 2026
बूंदी जिला कलक्ट्रेट परिसर में रविवार रात मतगणना करते कर्मचारी (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: जयपुर: राजस्थान की 37 जिला परिषदों के 1,275 और 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों की तस्वीर साफ हो गई। 28 केंद्रों पर पुनर्मतदान के बाद रविवार रात तीन जिला परिषदों के चार वार्डों और 19 पंचायत समितियों के 22 वार्डों के नतीजे घोषित किए गए। पंचायत समिति के 22 वार्डों में से 13 में कांग्रेस, पांच में भाजपा और एक में बसपा ने जीत दर्ज की, जबकि दो वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। इससे बूंदी पंचायत समिति में बसपा बहुमत के और करीब पहुंच गई। एक वार्ड में नामांकन नहीं होने से चुनाव नहीं हुआ। जिला परिषद के चार वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने दो-दो सीटें जीतीं। अब सबकी नजर 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख और 27 नवंबर को होने वाले प्रधान पद के चुनाव पर टिकी है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार जिला प्रमुख, उप प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव में मतदान की गोपनीयता बढ़ाने के लिए मतपत्रों के वितरण की नई व्यवस्था की है। इसके तहत वार्ड सदस्यों को मतपत्र क्रम संख्या के बजाय यादृच्छिक क्रम में दिए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से की जाएगी। इस व्यवस्था से राजनीतिक दलों को क्रॉस वोटिंग बढ़ने का डर सता रहा है।

नामांकन के साथ जमानत राशि नहीं, क्रॉस वोटिंग पर सदस्यता बरकरार

प्रधान, उप प्रधान, जिला प्रमुख और उप प्रमुख पदों के लिए नामांकन के साथ जमानत राशि जमा करने का प्रावधान नहीं है। इन चुनावों में दल-बदल संबंधी कार्रवाई के प्रावधान लागू नहीं होते। ऐसे में क्रॉस वोटिंग करने पर भी सदस्यता बरकरार रहती है।

जयपुर में सबसे ज्यादा मतदान

जिला परिषद के लिए जयपुर में दो तथा कोटपूतली-बहरोड़ और बूंदी में एक-एक वार्ड में पुनर्मतदान हुआ। जयपुर जिला परिषद के वार्ड संख्या 13 में सबसे ज्यादा 81.40 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, पंचायत समितियों के 22 मतदान केंद्रों पर 72.22 प्रतिशत वोट पड़े। जयपुर की दूदू पंचायत समिति के वार्ड संख्या 6 में सबसे ज्यादा 84.93 प्रतिशत मतदान हुआ।

अब जिला प्रमुख और प्रधान बनाने की तैयारी, कांग्रेस में कई स्तरों पर नामों पर मंथन

कांग्रेस के प्रदेश वॉर रूम में जिला प्रमुख और प्रधान पदों के नामों पर चर्चा हुई। शाम को प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी विचार-विमर्श किया। टोंक और दौसा में सचिन पायलट, बाड़मेर में विधायक हरीश चौधरी तथा अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा में जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के स्तर पर नामों के चयन की चर्चा है।

भाजपा की संयुक्त बैठक में नामों पर चर्चा

भाजपा में सत्ता और संगठन की संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जिला प्रभारी, चुनाव प्रभारी, विधायक, सांसद और सांसद प्रत्याशी शामिल हुए। संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि फिलहाल जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव प्राथमिकता में हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर सहमति से नाम तय करने को कहा।

कटारिया बोले, ‘जनता हमसे नाराज है तो इसका मतलब कहीं न कहीं कमी है’

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राजस्थान के पंचायत चुनाव में भाजपा की हार को लेकर पूछे गए सवाल पर रविवार को चंडीगढ़ में कहा कि परिणाम अच्छे नहीं रहे। इसके कारणों पर विचार करना चाहिए और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘जनता हमसे नाराज है तो इसका मतलब कहीं न कहीं कमी है। जो कमी है, उसमें सुधार करना चाहिए। लोकतंत्र की अच्छाई यही है और इससे लोकतंत्र व संगठन दोनों मजबूत होंगे।’

रात्रि चौपाल का नहीं चला जादू, नौ पंचायत समितियों में भाजपा को झटका

उदयपुर/जयपुर। पंचायती राज चुनाव के नतीजों में भाजपा को झटका लगा है। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करने, जनसमस्याओं का मौके पर समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम शुरू किया था। इसके तहत करीब 11 गांवों में रात्रि चौपालें लगाई गईं और विकास कार्यों की घोषणाएं की गईं। इस पहल के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि मुख्यमंत्री गांवों में सक्रिय हैं। हालांकि, जिन गांवों में चौपालें लगाई गई थीं, उनसे जुड़ी नौ पंचायत समितियों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा केवल एक पंचायत समिति में पूर्ण बहुमत हासिल कर सकी।

धमोतर में भाजपा को बहुमत

प्रतापगढ़ की धमोतर पंचायत समिति के 15 वार्डों में से भाजपा ने 10 में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने पांच वार्ड जीते। बांसवाड़ा की कुशलगढ़ पंचायत समिति के 19 वार्डों में से भाजपा ने सात में जीत दर्ज की।

कांग्रेस को छह पंचायत समितियों में बहुमत

कांग्रेस ने अजमेर ग्रामीण में 19 में से 11, हुरड़ा में 17 में से 10, जसवंतपुरा में 19 में से 12, झाड़ोल में 15 में से आठ, बालोतरा में 23 में से 13 और डेगाना में 23 में से 12 वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया।

रालोपा और बीएपी का असर

जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र की सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने 15 में से आठ वार्ड जीतकर बहुमत हासिल किया। भाजपा और कांग्रेस ने तीन-तीन वार्ड जीते, जबकि एक वार्ड निर्दलीय के खाते में गया। वहीं, डूंगरपुर की सीमलवाड़ा पंचायत समिति में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) 15 में से सात वार्ड जीतकर सबसे आगे रही। कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने तीन वार्ड जीते।

37 जिलों में पंचायत चुनाव की तस्वीर

दल / श्रेणीजिला परिषद की सीटेंपंचायत समिति की सीटें
कांग्रेस7963,771
भाजपा3592,218
निर्दलीय13664
रालोपा (RLP)51497
बीएपी (BAP)43278
बसपा (BSP)661
सीपीआई(एम)750
आप (AAP)—2
कुल वार्ड 1,2757,543