
Yellow Alert: जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बुधवार शाम जारी तात्कालिक मौसम चेतावनी में पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज यानी रात नौ बजे अगले तीन घंटे का अलर्ट जारी किया है। ब्यावर, पाली, नागौर, अजमेर, राजसमंद, भीलवाडा तथा चित्तौडगढ जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं, मेघगर्जन व 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफतार से हवा चलेगी। धूलभरी आंधी आएगी। इन जिलों को ओरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा जोधपुर, बालोतरा, जालोर, बाड़मेर, बूंदी, सिरोही व कोटा जिलों में कहीं—कहीं हल्के से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।
इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा धूलभरी आंधी भी आने के आसार हैं। बालोतरा जिले में कुछ क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने के समाचार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। अचानक मौसम बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है, हालांकि प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव का असर अभी भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 9 घंटों में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिला। शाम 5:30 बजे के अवलोकन के अनुसार राज्य में औसत आर्द्रता 20 से 40 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जताया है। विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले 3 से 4 दिनों में दोपहर बाद कई इलाकों में तेज आंधी (40-50 किमी प्रति घंटा), मेघगर्जन और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है और हीटवेव से आंशिक राहत मिलेगी।
मई के पहले सप्ताह में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन साथ ही दोपहर बाद आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।