
-विजय शर्मा
Rajasthan Weather News: जयपुर: राजस्थान में नवंबर का महीना बीतने को है, लेकिन सर्दी अभी जोर नहीं पकड़ पाई है। करीब आधे महीने तक दिन में तेज धूप ने गर्मी का एहसास कराया, वहीं रातें भी पहले जैसी ठंडी नहीं हो रही हैं। काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) की ओर से राजस्थान के परिप्रेक्ष्य में नवंबर माह को लेकर किए गए अध्ययन में सामने आया है कि प्रदेश में तापमान बढ़ने का रुझान पिछले चार दशकों से जारी है। प्रदेश में दिन के मुकाबले रातें तेजी से गर्म हो रही हैं। सर्दी पड़ने वाले दिनों की संख्या घट रही है और शीतलहर का असर भी कम हो रहा है। यानी राजस्थान में सर्दी देर से शुरू हो रही है और उसकी अवधि भी धीरे-धीरे छोटी होती जा रही है।
नवंबर में आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में बादल और ठंडी हवाएँ लेकर आते हैं। इनके असर से राजस्थान में तापमान गिरने लगता है और सर्दी बढ़ती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहे और उनका प्रभाव कम रहा। इससे प्रदेश में ठंडी हवाओं का असर नहीं बन पाया। आसमान साफ रहने से दिन में धूप जमीन को गर्म करती है और रात में भी तापमान ज्यादा बना रहता है। वहीं, प्रशांत महासागर की गर्म हवाएँ भी तापमान बढ़ने का प्रमुख कारण हैं।
राजस्थान में सर्दी के बदलते मिजाज के पीछे पिछले चार दशकों से तापमान बढ़ने का रुझान है। रात का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ठंडे दिन घट रहे हैं और शीतलहर की अवधि भी कम हो रही है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और अल नीनो इस बार सर्दी को प्रभावित कर सकते हैं। लंबे समय में जलवायु परिवर्तन के कारण गर्म दिन और गर्म रातें बढ़ने की संभावना है।
-डॉ. विश्वास चितले, फेलो, सीईईडब्ल्यू
राजस्थान के 13 शहरों में रविवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि पाँच शहरों में रात का पारा गिरा। सबसे कम तापमान माउंट आबू में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, शेखावाटी में ठिठुरन बरकरार रही। सीकर में 8.5, फतेहपुर में 8.1, चूरू में 10.8 और झुंझुनूं में 12.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। प्रदेश के पाँच शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। दिसंबर में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। प्रशांत महासागर में सक्रिय बेहद मजबूत अल नीनो को मौसम के असामान्य मिजाज का प्रमुख कारण माना जा रहा है।