जयपुर

Rajasthan Zila Pramukh: वसुंधरा-राठौड़ की रणनीति रही कारगर, CM भजनलाल के गढ़ में कांग्रेस की सेंध; गहलोत-पायलट ने कैसे पलटा सियासी गणित?

राजस्थान जिला प्रमुख चुनाव में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर रही। सीएम भजनलाल शर्मा के गढ़ में कांग्रेस ने सेंध लगाई, जबकि वसुंधरा राजे और राजेंद्र राठौड़ की रणनीति काम आई। पूर्व सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट का भी प्रभाव दिखा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:36 AM IST
Rajasthan Zila Pramukh Result 2026
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और सीएम भजनलाल शर्मा (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Rajasthan Zila Pramukh Result 2026: जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने राजस्थान के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा, राजनीतिक प्रभाव और संगठनात्मक पकड़ की तस्वीर भी साफ कर दी। कहीं क्षत्रप अपनी पार्टी का गढ़ बचाने में सफल रहे, कहीं विरोधियों ने सेंध लगाई तो कहीं राजनीतिक रणनीति ने बहुमत का गणित ही पलट दिया। इन परिणामों ने नेताओं के सियासी कद और आगामी राजनीति के लिहाज से नए संकेत दिए हैं।

सरकार को झटका
भजनलाल शर्मा, मुख्यमंत्री

भरतपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले में कांग्रेस की जीत ने भाजपा और सरकार को झटका दिया है। सत्ता के प्रभाव और संगठनात्मक प्रबंधन की परीक्षा में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा।

भाजपा में क्रॉस वोटिंग
अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री

जोधपुर: पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने संवाद के जरिए प्रत्याशी चयन को लेकर बने गतिरोध को दूर किया और सभी को एकजुट किया। इसका असर मतदान में भी दिखा। वहीं, भाजपा में क्रॉस वोटिंग देखने को मिली।

रणनीति काम आई
वसुंधरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री

झालावाड़: कांग्रेस ने सेंधमारी की पूरी कोशिश की, लेकिन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह की रणनीति काम आई। दोनों नेता भाजपा सदस्यों को एकजुट रखने में सफल रहे और पार्टी ने जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की।

क्षेत्र में दिखा प्रभाव का विस्तार
गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

सीकर: कांग्रेस की जीत को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के क्षेत्रीय प्रभाव के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। चौधरी नारायण सिंह जिला प्रमुख बनाने की रणनीति और संगठनात्मक पकड़ के लिए जाने जाते रहे हैं। इस बार डोटासरा ने कमान संभाली और पुराने नेतृत्व को साथ लेकर चलने का संदेश भी दिया।

जीत से प्रतिष्ठा बचाने में रहे सफल
मदन राठौड़, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

पाली: भाजपा जिला प्रमुख बनाने में सफल रही, जिससे स्थानीय स्तर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की सियासी प्रतिष्ठा बरकरार रही। हालांकि, जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जे के बावजूद स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की बढ़त बताती है कि भाजपा के सामने अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की चुनौती है।

शुरू से रहे सक्रिय
टीकाराम जूली व जितेंद्र सिंह, कांग्रेस नेता

अलवर: जिला प्रमुख चुनाव में दोनों नेताओं टीकाराम जूली व जितेंद्र सिंह की रणनीतिक सक्रियता अहम रही। दोनों ने जिला परिषद सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर रखकर उनसे व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखा और लगातार निगरानी की।

राजनीतिक पराक्रम दिखाया
राजेंद्र राठौड़, वरिष्ठ भाजपा नेता

चूरू: राजेंद्र राठौड़ ने राजनीतिक पराक्रम दिखाया। कांग्रेस के बहुमत के बावजूद वे अपनी पुत्रवधू कनिका को जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रहे। इस जीत से उनका सियासी प्रभाव और मजबूत हुआ है।

बढ़ते प्रभाव का संकेत
सचिन पायलट, कांग्रेस नेता

टोंक: कांग्रेस की जीत जिले में सचिन पायलट के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का संकेत है। प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति में उन्होंने सांसद हरीश मीणा और पार्टी के अन्य नेताओं को साथ लेकर जिम्मेदारियां बांटीं।