
जयपुर। उपचुनावों में तीनों सीटें गवाने और चुनावी साल में हर वर्ग को खुश करने में जुटी राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार ने बजट 2018 में राज्य सरकार ने किसान और सैनिकों को कई सौगातें दी। कर्जमाफी के साथ ही 2 लाख कृषि कनेक्शन देने की भी बजट में घोषणा की गई। वहीं 350 करोड़ की लागत से नए भंडार गृह बनाने और राज्य कृषि आयोग के गठन की भी घोषणा की गई। वहीं शहीद सैनिकों के परिजनों के लिए भी अब शहीद सैनिकों के आश्रितों को अब 25 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात कही गई। प्रदेश के बुजुर्गों को बड़ी राहत देते हुए 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए रोडवेज में फ्री सफर की घोषणा की है। बजट में कही गई बातों पर अब सरकार अमल भी करती दिख रही है।
अपने वादों के अनुसार, राजे सरकार अब हाथ से मैला ढोने वालों को आर्थिंक सहायता देकर उनका पुनर्वास करेगी। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में हाथ से मैला ढाने वालों का सर्वे कराया जा रहा है जो 30 अप्रैल तक चलेगा। सर्वे का काम पूरा होने के बाद राज्य सरकार की ओर से हाथ से मैला ढोने वालों को स्वरोजगार के लिए आर्थिंक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा।
एक साल में बंद हो ये कुप्रथा, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री राजे ने हाथ से मैला ढोने की इस कुप्रथा को एक साल में खत्म करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी महांति के अनुसार, सर्वे के लिए प्रथम चरण में स्थानीय निकाय और पंचायत स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे, इसके बाद घर-घर सर्वे का काम होगा।