जयपुर

राइजिंग राजस्थान: मेहमानों के लिए जयपुर भ्रमण खास इंतजाम, 165 लग्जरी कार स्टेट गेस्ट और 250 अन्य के लिए रहेंगी बुक

Global Investment Summit 2024: राइजिंग राजस्थान में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए जयपुर भ्रमण का भी इंतजाम किया गया है। इसके लिए चार वॉल्वो बसों की व्यवस्था की गई है।
2 min read
• •
Updated: 8 Dec 2024, 10:52 AM IST
tourist bus
file photo

जयपुर। राइजिंग राजस्थान के तहत जयपुर आने वाले मेहमानों के लिए परिवहन विभाग ने भी पूरी तैयारी कर ली है। स्टेट गेस्ट में शामिल मेहमानों के लिए 165 लग्जरी कारों की व्यवस्था सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से की गई है। इसके अलावा अन्य मेहमानों के लिए 250 कार की व्यवस्था की गई है, जिनकी बुकिंग कराई जा रही है। अभी तक 80 कार अन्य मेहमानों के लिए बुक हो चुकी हैं।

आरटीओ जयपुर को पूरी व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है। आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार वाहन व्यवस्था दो तरह से की गई है। स्टेट गेस्ट और व्यक्तिगत मेहमानों के लिए अलग-अलग गाड़ियां बुक की गई हैं। व्यक्तिगत मेहमानों के लिए सीआईआई अपने स्तर से बुकिंग करवा रहा है। सीआईआई की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग का ऑप्शन दिया गया है। इसके लिए एक निजी ऑपरेटर से करार किया गया है।

मॉनिटरिंग के लिए निजी ऑपरेटर के यहां एक परिवहन दस्ते को भी तैनात किया गया है। आरटीओ जयपुर की ओर से परिवहन व्यवस्था के लिए एसओपी भी जारी की गई है। इसमें परिवहन व्यवस्था में लगे सभी चालकों की ट्रेनिंग कराई गई है। सभी वाहनों में पीने के पानी का इंतजाम किया गया है। वाहन और चालकों का डाटा तैयार किया गया है। किसी भी मेहमान से अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा।

समस्या न हो... बनाया कंट्रोल रूम

राइजिंग राजस्थान में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए जयपुर भ्रमण का भी इंतजाम किया गया है। इसके लिए चार वॉल्वो बसों की व्यवस्था की गई है। परिवहन के दौरान किसी भी मेहमान को समस्या न हो इसके लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीटीओ रमेश पांडेय को इसका नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Updated on:
8 Dec 2024, 10:52 AM IST
Published on: