जयपुर

जयपुर के महेश मीणा हत्याकांड मामले में बहन का वीडियो वायरल, पुलिस पर लगाए आरोप

जयपुर के महेश मीणा हत्याकांड में उनकी मां और बहन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
2 min read
Aug 25, 2026
mahesh meena murder case
मृतक महेश मीणा की फोटो के साथ उनकी मां और बहन और बाईं ओर आरोपी कविता और गणेश (फोटो: सोशल मीडिया)

Mahesh Meena Murder Case: जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में महेश मीणा की मौत मामले में पुलिस जांच जारी है। पुलिस ने महेश की पत्नी कविता और उसके कथित प्रेमी गणेश को गिरफ्तार किया है। इसी बीच महेश की बहन और मां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती नजर आ रही हैं।

बहन बोली- हमारे हवाले कर दो आरोपी

महेश की बहन ने वीडियो में कहा कि पुलिस की ओर से आरोपियों को जेल भेजने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी तक दोनों थाने में बैठे हैं। बहन का आरोप है कि आरोपी गणेश थाने में आराम से बैठकर हंस रहा था। उसने कहा कि उनके भाई की जान चली गई, लेकिन आरोपियों को ऐसा महसूस नहीं कराया जा रहा कि उन्होंने बहुत बड़ा अपराध किया है।

बहन ने कहा कि परिवार पहले ही अपना भाई खो चुका है और अब उन्हें अपनी सुरक्षा की भी चिंता है। उसने कहा कि भाई को तो मार दिया, अब ऐसे खुलेआम घूमते रहेंगे तो हमें भी जान का खतरा है। वहीं, उसने पुलिस से सवाल करते हुए कहा कि अगर आरोपियों को रिमांड पर नहीं लिया जा रहा है तो परिवार के लोगों को ही रिमांड पर ले लिया जाए। उसने गुस्से में यहां तक कहा कि आरोपियों को उनके हवाले कर दिया जाए वे खुद उनका रिमांड ले लेंगे।

मां ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

वीडियो में महेश की मां ने आरोप लगाया कि गणेश के परिवार वाले कह रहे हैं कि चाहे जितना पैसा खर्च हो जाए लेकिन उसे जेल नहीं जाने देंगे। बहन ने दावा किया कि उसने गणेश के परिवार के लोगों को थाने में बैठे देखा था। बहन ने कहा कि अगर हत्या के आरोपी खुलेआम घूमते रहेंगे तो परिवार के लोगों की सुरक्षा कौन करेगा? उसने समाज से अपील करते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। वहीं महेश की मां ने भावुक होकर कहा कि बुढ़ापे में अब उनका सहारा कौन बनेगा?

पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार

जयपुर पुलिस के अनुसार महेश मीणा की मौत के मामले में उसकी पत्नी कविता और कथित प्रेमी गणेश को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले महेश की बहन ने आरोप लगाया था कि कविता के महेश के साथ रहने के दौरान भी उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे। परिवार को महेश की मौत के बाद घटनाक्रम पर संदेह हुआ था। इसके बाद आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर पुलिस को मामले की आगे जांच करने में मदद मिली। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कविता और गणेश के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट होगा।

Updated on:
25 Aug 2026 03:00 pm
Published on:
25 Aug 2026 02:25 pm