
कविता मीणा कथित प्रेमी गणेश मीणा और मृतक महेश मीणा का फाइल फोटो: पत्रिका
Jaipur Mahesh Meena Murder Case Update: जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में महेश मीणा की मौत के मामले में पुलिस जांच जारी है। पुलिस ने महेश की पत्नी कविता और उसके कथित प्रेमी गणेश को गिरफ्तार किया है। इस बीच एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में महेश की छोटी बहन ने घटना वाले दिन की पूरी कहानी बताई और अपनी भाभी पर कई गंभीर आरोप लगाए।
छोटी बहन ने बताया कि 'वह घटना वाले दिन घर पर बैठी थीं। तभी मौसी चिल्लाते हुए आईं कि बच्चे को पता नहीं क्या हो गया है। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भाभी (कविता मीणा) ने बेहोश होने का नाटक किया और पानी डालने के बाद भी कविता के चेहरे पर कोई दुख नजर नहीं आया। बाद में घर आकर वह उनके गले लगकर रोने लगी। जब उन्होंने कविता से पूछा कि महेश के साथ क्या हुआ था तो वह कथित तौर पर अलग-अलग बातें बताती रही। शुरुआत में परिवार को किसी पर शक नहीं था लेकिन महेश के होंठ नीले देखकर शक हुआ। इसके बाद CCTV फुटेज चेक कराई तो असल सच्चाई सामने आई।
मोबाइल को लेकर बहन ने दावा किया कि कविता के पास अपना फोन नहीं था लेकिन वह महेश के फोन से उसके सोने के बाद सोशल मीडिया पर चैट करती थी। उन्होंने बताया कि सगाई के समय भी उन्होंने कविता से पूछा था कि अगर शादी जबरदस्ती हो रही है तो बता दे वह परिवार को समझाकर शादी रुकवा देंगी लेकिन कविता ने किसी रिलेशनशिप में होने से इनकार कर दिया था। बहन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके भाई के साथ जो हुआ उसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।
जयपुर के VKI थाना इलाके में महेश मीणा हत्याकांड में पुलिस पत्नी कविता और उसके कथित प्रेमी गणेश मीणा को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है। घटना 5 अगस्त की है। महेश अपनी पत्नी कविता के साथ बाइक से बोराज इलाके में दवाई लेने गया था। शाम तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार ने कविता से संपर्क किया। कुछ देर बाद कविता ने परिजनों को बताया कि महेश की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और वह 14 नंबर पुलिया के पास सड़क किनारे पड़ा है। उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में कविता ने बताया कि महेश की तबीयत 200 फीट चौराहे के पास खराब हुई थी। हालांकि महेश के पिता को उसकी कहानी पर संदेह हुआ। परिवार ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले तो घटनाक्रम कुछ अलग नजर आया। इसके बाद 16 अगस्त को विश्वकर्मा थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में कविता ने गणेश के साथ करीब 9 साल से संबंध होने की बात बताई। आरोप है कि दोनों ने महेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। पुलिस का दावा है कि दवाई लेने के बहाने कविता महेश को बस्सी के नई नाथ धाम ले गई जहां कथित तौर पर जूस में जहरीली गोलियां मिलाकर उसे पिला दी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।
Updated on:
22 Aug 2026 11:54 am
Published on:
22 Aug 2026 11:48 am
