Rajasthan Child Death: सलूम्बर जिले में रहस्यमयी बीमारी से 5 बच्चों की मौत के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सरकार ने मेडिकल टीम गठित कर जांच शुरू की है और प्रभावित क्षेत्रों में सघन स्क्रीनिंग के निर्देश दिए हैं।
जयपुर। सलूम्बर जिले के दो गांवों में रहस्यमयी बीमारी से 5 बच्चों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को वस्तुस्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में बुखार के लक्षण वाले बच्चों की सघन स्क्रीनिंग करवाने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि सलूम्बर में बच्चों की मौत का मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को वस्तुस्थिति का पता लगाने, मौत के कारणों की जांच करने और इस बीमारी की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर बीमारी से प्रभावित गांवों में भेजी है। यह टीम बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही बीमारी से बचाव से जुड़े आवश्यक कदम भी सुनिश्चित कर रही है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भी रात को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी ली और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि सलूम्बर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित गांवों सहित सलूम्बर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात कर बुखार के लक्षण वाले बच्चों की गहन स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे में लक्षण पाए जाने पर उसे तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी बच्चे की स्थिति गंभीर हो तो उसे तत्काल जिला चिकित्सालय या मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में रेफर किया जाए। साथ ही मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए एंटी लार्वा गतिविधियां, सोर्स रिडक्शन, फोगिंग और अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएं।
लालपुरा निवासी दीपक (5) पुत्र माना मीणा और वहीं की सीमा (3) पुत्री रामा मीणा की 31 मार्च को मामूली बुखार के बाद मौत हो गई। घाटा निवासी राहुल (4) पुत्र लक्ष्मण मीणा की इलाज के दौरान उदयपुर के एमबी अस्पताल में 5 अप्रेल को मृत्यु हो गई। इसी गांव की काजल, पुत्री प्रकाश मीणा की निजी इलाज के दौरान 5 अप्रेल को मौत हो गई। लालपुरा निवासी लक्ष्मण (7) पुत्र माना मीणा की उदयपुर में इलाज के दौरान मृत्यु होने का मामला भी सामने आया है।