7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Udaipur: उदयपुर के 2 गांवों में दहशत, अज्ञात बीमारी से पांच मासूम बच्चों की मौत, मौके पर पहुंची मेडिकल टीम

Mysterious Death Case: लसाड़िया के घाटा और लालपुरा गांवों में अज्ञात बीमारी से छह दिन में पांच मासूम बच्चों की मौत से दहशत फैल गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

2 min read
Google source verification
unknown disease, children died due to unknown disease, children died due to unknown disease in Udaipur, children died due to unknown disease in Rajasthan, Lasadiya news, unknown disease Rajasthan, child deaths Rajasthan village, mysterious illness case, Udaipur rural health issue, children death investigation, Rajasthan health department, fever illness outbreak, village medical emergency, tribal area health crisis, MB hospital Udaipur case, rural healthcare problem Rajasthan, disease outbreak news Rajasthan, Rajasthan breaking news, health alert Rajasthan

मौके पर पहुंची टीम। फोटो- पत्रिका

लसाड़िया। घाटा और लालपुरा गांवों में गत छह दिन में अज्ञात बीमारी से पांच मासूम बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। अचानक हुई इन मौतों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बच्चों को पहले हल्का बुखार और कमजोरी की शिकायत हुई, इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने सोमवार को बीसीएमएचओ कार्यालय और उपखंड कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उपखंड अधिकारी दिनेश आचार्य मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने प्रभावित परिवारों से जानकारी ली और बीमार बच्चों व परिजनों के रक्त सहित अन्य सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग ने गांवों में सर्वे शुरू कर दिया है और बीमारी के कारणों की जांच की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

प्रशासन ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात कर दी गई है। लोगों को साफ-सफाई रखने, उबला पानी पीने और बुखार होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है। चिकित्सा विभाग की टीम घर-घर जाकर सैंपल ले रही है।

परिजनों का विरोध

सैंपल लेने के दौरान एक मृतक मासूम के पिता ने विरोध जताया। उनका कहना था कि पहले धरियावद, सलूम्बर और उदयपुर के अस्पतालों में जांच करवाई गई, लेकिन रिपोर्ट में कुछ नहीं निकला, तो अब क्या आएगा। समझाने के बावजूद परिजनों ने सैंपल देने से इनकार कर दिया।

इन बच्चों की मौत के सामने आए मामले

लालपुरा निवासी दीपक (5) पुत्र माना मीणा और वहीं की सीमा (3) पुत्री रामा मीणा की 31 मार्च को मामूली बुखार के बाद मौत हो गई। घाटा निवासी राहुल (4) पुत्र लक्ष्मण मीणा की इलाज के दौरान उदयपुर के एमबी अस्पताल में 5 अप्रेल को मृत्यु हो गई। इसी गांव की काजल पुत्री प्रकाश मीणा की निजी इलाज के दौरान 5 अप्रेल को मौत हुई। लालपुरा निवासी लक्ष्मण (7) पुत्र माना मीणा की उदयपुर में इलाज के दौरान मृत्यु होने का मामला भी सामने आया है।

सड़क और नेटवर्क की समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि लसाड़िया से घाटा-धरियावद मार्ग की स्थिति बेहद खराब है। सड़क जर्जर होने के कारण बीमारों को अस्पताल ले जाने में भारी परेशानी होती है। वहीं लालपुरा और घाटा गांवों में नेटवर्क की गंभीर समस्या है, जिससे समय पर संपर्क नहीं हो पाता।

इनका कहना है

सैंपल भेज रखे हैं। अभी कोई रिपोर्ट नहीं आई है। किस वजह से मौत हो रही है, यह स्पष्ट नहीं है। फिलहाल मेडिकल टीम मौके पर भेजी गई है। सैंपल लिए जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी का पता चल पाएगा।

  • डॉ. सिंटु कुमावत, बीसीएमएचओ

घटना की जानकारी मिली है। मेडिकल टीम मौके पर भेजी गई है। अतिरिक्त सीएमएचओ और जिला चिकित्सालय से टीम भेजी गई है। एक बच्चे की मृत्यु आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर में हुई है। वहां से भी टीम बुलाकर सैंपलिंग करवाई जाएगी।

  • डॉ. महेंद्र परमार, सीएमएचओ