जयपुर

Transport Department : राजस्थान के एकमात्र ऑटोमैटेड टेस्टिंग स्टेशन पर फर्जीवाड़ा उजागर, जानकर चौंक जाएंगे

Transport Department : जयपुर में संचालित राजस्थान के एकमात्र ऑटोमैटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यहां वाहनों की मशीनों से जांच किए बिना ही उन्हें सड़क पर चलने के लिए फिट घोषित किया जा रहा है। जानकर चौंक जाएंगे।
2 min read
Transport Department Truth Rajasthan only automated testing station exposed Fraud know you shocked
जयपुर. फटे टायर और ओवरलोडिंग के बाद भी इस ट्रक को मिला आधे घंटे में फिटनेस सर्टिफिकेट। फोटो पत्रिका

विजय शर्मा
Transport Department : राजस्थान में जनवरी से अक्टूबर तक सड़क दुर्घटनाओं में 658 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन परिवहन विभाग अभी भी सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा। जयपुर में संचालित राज्य के एकमात्र ऑटोमैटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। यहां वाहनों की मशीनों से जांच किए बिना ही उन्हें सड़क पर चलने के लिए फिट घोषित किया जा रहा है। विभाग की मौन सहमति से जारी यह लापरवाही सड़क हादसों की संभावनाएं और बढ़ा रही है।

स्थिति यह है कि ओवरलोडेड और फटे-घिसे टायरों वाले वाहनों की सिर्फ फोटो खींचकर फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिए जाते हैं। जयपुर आरटीओ प्रथम द्वारा अजमेर रोड स्थित पी स्क्वॉयर टेक्नोलॉजी एलएलपी सेंटर की जांच में यह खुलासा हुआ। इसके बाद न केवल वहां रोजाना जांच होने वाले सैकड़ों वाहनों पर सवाल खड़े हो गए, बल्कि परिवहन मुख्यालय की मॉनिटरिंग की निष्पक्षता भी कटघरे में आ गई है।

जांच कमेटी ने पकड़े 5 बड़े झोल

1- वाहन लोडेड अवस्था में ही फिटनेस सेंटर पहुंचा।
2- रिपोर्ट की फोटो पार्किंग स्थल की, टेस्टिंग मशीनों की नहीं।
3- चालक का बयान- ‘‘वाहन को अंदर भेजा ही नहीं गया।’’
4- थर्ड एक्सल के फटे टायर।
5- सीसीटीवी पासवर्ड नहीं दिया।

ऐसे उजागर हुआ फर्जीवाड़ा

जयपुर आरटीओ प्रथम के उड़नदस्ते ने ओवरलोड ट्रक आरजे-14 जीएफ 4751 को पकड़ा। वाहन चालक के पास मिला फिटनेस सर्टिफिकेट संदिग्ध लगा।
5.50 से 6.28 तक : फर्जीवाड़े के 38 मिनट
5.50 पीएम : फिटनेस सर्टिफिकेट जारी
6.09 पीएम : 37 टन लोड के साथ वाहन का कांटा
6.28 पीएम : उड़नदस्ता ने पकड़ा
19 मिनट में 5 किमी चलना और लोड भरना, फिटनेस कराना असंभव!

सेंटर पर कई खामियां मिली

कमेटी ने जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी है। सेंटर पर कई खामियां मिली हैं। रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी।
राजेंद्र सिंह शेखावत, आरटीओ प्रथम, जयपुर

राज्य में 7 नए एटीएस खोलने की तैयारी

परिवहन विभाग ने अब वाहनों की फिटनेस के लिए ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाने पर काम शुरू कर दिया है। परिवहन आयुक्त की ओर से एक ही दिन में महीनों से लंबित 13 एटीएस की फाइलों का निस्तारण कर दिया। इनमें से 7 को मंजूरी दे दी। इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली और देरी के लिए लताड़ लगाई।

आयुक्त ने चार फाइलों को निरस्त कर दिया। आयुक्त ने बताया कि एटीएस की संख्या बढ़ने से वाहनों चालकों को फिटनेस में दिक्कत नहीं आएगी।

Published on:
30 Nov 2025 12:50 pm