जयपुर

Japanese Tourists : जयपुर में जापान के दो पर्यटक लापता, टैक्सी चालक ने दर्ज करवाई रिपोर्ट

Japanese Tourists : दिल्ली से टैक्सी के जरिए जयपुर आए जापान के दो युवा पर्यटक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। टैक्सी चालक ने पुलिस को सूचना दी।
2 min read
Two Japanese tourists have gone missing in Jaipur a taxi driver has filed a report
फाइल फोटो पत्रिका

Japanese Tourists : दिल्ली से टैक्सी के जरिए जयपुर आए जापान के दो युवा पर्यटक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। दोनों पर्यटक टैक्सी चालक के साथ अशोक नगर इलाके में भोजन करने की बात कहकर एक रेस्टोरेंट में गए थे, लेकिन इसके बाद नहीं लौटे। काफी इंतजार करने के बाद टैक्सी चालक ने पुलिस को सूचना दी।

अशोक नगर थानाधिकारी मोतीलाल ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। फुटेज में दोनों पर्यटक रेस्टोरेंट में प्रवेश करने के करीब पांच मिनट बाद ही वहां से बाहर निकलते और पैदल जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों पर्यटक फिलहाल कहां हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

रणथंभौर, आगरा होते वापस दिल्ली जाना था

पुलिस ने बताया कि दोनों पर्यटकों को जयपुर में दो रात रुकना था। फिर यहां से रणथंभौर और आगरा होते वापस दिल्ली लौटना था, लेकिन वह जयपुर से ही टैक्सी चालक को बिना बताए कहीं चले गए।

टैक्सी में मिले पर्यटकों के बैग

मूलतः उत्तर प्रदेश और वर्तमान में दिल्ली निवासी टैक्सी चालक पिकेंद्र कुमार ने बताया कि 7 फरवरी को वह दोनों जापानी पर्यटकों को लेकर ब्रह्मपुरी स्थित एक होटल में आया था। वहां से देर शाम दोनों पर्यटक अशोक नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में भोजन करने की बात कहकर पहुंचे थे। पर्यटकों के पास मोबाइल फोन थे, लेकिन चालक के पास उनके नंबर नहीं थे।

चालक 8 फरवरी की सुबह तक रेस्टोरेंट के बाहर उनके लौटने का इंतजार करता रहा और फिर थाने पहुंचा। पर्यटकों का सुराग नहीं लगने पर सोमवार रात को रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने दोनों पर्यटकों के टैक्सी में रखे बैग अपनी कस्टडी में ले लिए हैं और मामले की जांच कर रही है।

6 फरवरी को दिल्ली आए थे दोनों पर्यटक

टैक्सी चालक के पास दोनों पर्यटकों के पासपोर्ट की फोटो प्रति है, जिससे पता चलता है कि जापान निवासी हिबिक्की शिब्बा व युमा 6 फरवरी को पर्यटक वीजा पर दिल्ली आए थे। जयपुर और राजस्थान में दोनों को कहां-कहां जाना था इसकी भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
10 Feb 2026 07:46 am
Published on:
10 Feb 2026 07:11 am