जयपुर

12 मिनट में गायब, दिल्ली से सीधे जापान पहुंचे 2 संदिग्ध पर्यटक; जयपुर पुलिस के उड़े होश, टैक्सी ड्राइवर का बड़ा खुलासा

राजधानी जयपुर में जापानी पर्यटकों के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया। 180 दिन के वीजा पर आए दोनों की 11 फरवरी की रिटर्न टिकट थी, लेकिन 12 मिनट में लापता होकर दिल्ली से जापान लौट गए। 60 घंटे बाद भी पुलिस फोन नंबर नहीं जुटा सकी।

2 min read
Feb 11, 2026
नई दिल्ली एयरपोर्ट पर 8 फरवरी (रविवार) को दिखाई दिए जापानी पर्यटक हिबिक्की शिब्बा और युमा (फोटो- पत्रिका)

जयपुर: जापान से दो दिन जयपुर घूमने आए 2 जापानी पर्यटकों का जयपुर में 16.30 घंटे घूमना और उसी दिन शाम को ही मात्र 12 मिनट में ड्राइवर को चकमा देकर बाइस गोदाम सर्कल स्थित एक रेस्टोरेंट से अचानक लापता होना पुलिस, प्रशासन और पर्यटन विभाग के लिए मिस्ट्री बन गया है। 60 घंटे बाद भी संबधित एजेंसियां केवल इतना ही पता कर सकी हैं कि दोनों पर्यटक वापस जापान पहुंच चुके हैं।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि जयपुर पुलिस दोनों के फोन नंबर तक नहीं जुटा सकी है। इसी बीच दिल्ली दूतावास से दोनों के जापान पहुंचने की जानकारी जयपुर पुलिस को दी गई।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: लग्जरी होटल के बाथरूम में थे कपल, बिना नॉक किए ‘मास्टर की’ लगाकर अंदर घुस आया वेटर, लगा जोरदार झटका

अहम कड़ियों से पुलिस के ब्लाइंड रहने के बीच पत्रिका रिपोर्टर ने टैक्सी चालक और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से जानकारियां जुटाई। टोकियो निवासी दोनों युवा पर्यटक हिबिक्की शिब्बा और युमा 180 दिन के वीजा पर भारत आए थे। 11 फरवरी की उनकी रिटर्न टिकट थी।

टैक्सी चालक को बातचीत में वे स्टूडेंट बता रहे थे। पुलिस ने दोनों के बैग को स्कैनर से चेक करवाया। बैग में टोपी, कुछ कपड़े, बिस्कुट, नमकीन, पानी की बोतल और एक कैप ही मिले। बड़ा सवाल यह है कि दोनों अचानक दिल्ली जाने का फैसला कर रहे थे, तो सामान क्यों छोड़ गए? वापस जाने के लिए उसी टैक्सी का उपयोग क्यों नहीं किया? सीसीटीवी फुटेज में दोनों दिल्ली एयरपोर्ट पर 8 फरवरी को स्पॉट हुए। यहां से 7.55 की उड़ान से वे टोकियो चले गए।

चालक की पिकेन्द्र कुमार से बातचीत (जैसा पत्रिका रिपोर्टर को बताया)

सवाल: दोनों कहां-कहां घूमे?
जवाब: 6 फरवरी को देर रात दिल्ली से जयपुर रवाना हुए। रास्ते में एक नामी रेस्टोरेंट में खाना खाया। रात करीब 3 बजे ब्रह्मपुरी स्थित होटल राजपूतना हवेली पहुंचे। 7 फरवरी को सुबह 11 बजे जयपुर शहर घूमने निकले। 2 घंटे से ज्यादा आमेर महल घूमे। इसके बाद जंतर-मंतर भी देखा।

सवाल: दोनों का व्यवहार सामान्य था?
जवाब: दोनों ने होटल में भी कार में रखा सामान नहीं उतारा। मैंने सामान कमरे में पहुंचाने की बात की तो मना कर दिया। अगले दिन खाना खाने के लिए कहा तो तीखे के बजाय हल्का खाना व सस्ते रेस्टोरेंट पर खाने के लिए कहा। इस पर शाम 7.30 बजे बाइस गोदाम सर्कल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट लेकर गया।

सवाल: दोनों के मोबाइल नंबर आपके पास क्यों नहीं थे?
जवाब: 10 फरवरी को दिल्ली पहुंचना था। 11 फरवरी को उन्हें जापान जाना था। दोनों लगातार साथ थे, इसलिए फोन नंबर नहीं लिया।

07 फरवरी, 12 मिनट, शाम 7.30 से 7.42 बजे
7.30 : टैक्सी चालक से खाने के लिए कहा
7.37 : मैक डी में दाखिल हुए, मगर न खाना खाया, न ऑर्डर किया

7.42 बजे हाथ में कोल्ड ड्रिंक और खाने की चीज लेकर वह बाहर निकल गए। पैदल ही आगे बढ़ गए। चालक को भनक तक नहीं लगी। वह अशोक नगर के मॉल, होटल और सड़कों पर देर रात तक उन्हें ढूंढता रहा। 8 फरवरी की सुबह तक इंतजार करने के बाद उसने अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कहीं स्पॉट नहीं हुए

पत्रिका रिपोर्टर ने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और प्रबंधन से बात तो वे जवाब से बचते रहे। पर्यटकों की खरीदारी के लिए पूछने पर इतना ही बताया कि दोनों ने बर्गर, चिप्स और कोल्ड ड्रिंक ही खरीदी और 5 मिनट से भी कम समय में यहां से निकल गए। जयपुर रेलवे जंक्शन, रेस्टोरेंट, अशोक नगर थाना, आसपास के मॉल में कर्मचारियों से बात की।

रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुलियों और दुकानदारों का कहना था कि रोजाना बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी आते हैं, लेकिन 7 और 8 फरवरी की रात किसी जापानी पर्यटक पर उनकी नजर नहीं पड़ी। पुलिस भी कहीं से जानकारी नहीं जुटा सकी।

ये भी पढ़ें

Asaram News: आसाराम को लेकर आई बड़ी खबर, अब नहीं मिलेगा कोई मौका, 16 फरवरी से हाईकोर्ट में डे-टू-डे सुनवाई

Updated on:
11 Feb 2026 09:12 am
Published on:
11 Feb 2026 09:07 am
Also Read
View All

अगली खबर