जयपुर

वसुंधरा राजे फिर बनीं BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष; PM मोदी और नितिन नबीन का जताया आभार, दिया ‘विकसित भारत’ का संकल्प

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई राष्ट्रीय टीम का एलान कर दिया है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया। सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री, मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा अध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।
2 min read
Aug 17, 2026
vasundhara raje appointed bjp national vice president
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे (पत्रिका फाइल फोटो)

Vasundhara Raje BJP National Vice President: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस नई टीम में राजस्थान के नेताओं को खासा तवज्जो दी गई है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को एक बार फिर से पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, दूसरी ओर राजस्थान बीजेपी प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल और राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर को इस बार नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं दी गई है।

राजस्थान से किसे क्या जिम्मेदारी मिली?

वसुंधरा राजे: पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार।
सतीश पूनिया: राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया।
मन्नालाल रावत: उदयपुर सांसद को बीजेपी एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा।
राजेश मंगल: सीनियर नेता को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
सुनील बंसल: राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में अपनी सेवा देते रहेंगे।

वसुंधरा राजे की राष्ट्रीय संगठन में 'हैट्रिक'

वसुंधरा राजे का बीजेपी के केंद्रीय संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। दिसंबर 2018 के राज्य चुनाव के बाद, जनवरी 2019 में तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह ने वसुंधरा राजे को पहली बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था। जेपी नड्डा के कार्यकाल के बाद अब नितिन नबीन ने भी उनके राजनीतिक अनुभव, जनाधार और पकड़ को देखते हुए इस पद पर कायम रखा है।

अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में विदेश राज्य मंत्री और लघु उद्योग मंत्री रह चुकीं राजे 2023 चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे थीं। पार्टी ने भले ही राज्य की कमान नए चेहरे को सौंपी, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने उनका सम्मान और राष्ट्रीय कद बरकरार रखा है।

वसुंधरा राजे ने एक्स पर लिखा

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में संगठन एवं राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार। संगठन द्वारा नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि हम सब मिलकर विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में कामयाब होंगे। भारत माता की जय! वंदे मातरम्!

सतीश पूनिया का कद बढ़ा

साल 2019 से 2023 तक राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके सतीश पूनिया वर्तमान में जून 2026 से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से उनका संगठनात्मक दायरा अब राजस्थान से निकलकर पूरे देश में फैल गया है। पूनिया अब पार्टी के प्रमुख सांगठनिक कामों और आगामी राज्यों के चुनावी प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगे।

राजस्थान की राजनीति पर क्या होगा असर?

राजस्थान में इस समय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी सरकार चला रही है। ऐसे में राज्य के वरिष्ठ नेताओं को केंद्र में महत्वपूर्ण स्थान मिलने से राजस्थान सरकार और दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनेगा।

नितिन नबीन की यह नई टीम साफ संकेत देती है कि पार्टी 2026 के आगामी सांगठनिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए अनुभव और क्षेत्रीय निष्ठा दोनों को साथ लेकर चलना चाहती है। वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया जैसी शख्सियतों की मौजूदगी से राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की सियासत और मजबूत हुई है।

Updated on:
17 Aug 2026 06:22 pm
Published on:
17 Aug 2026 06:22 pm