17 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : नितिन नबीन की नई टीम में उदयपुर सांसद को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानिए कौन हैं मन्नालाल रावत?

Rajasthan : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम में राजस्थान के दिग्गज नेताओं को शामिल किया। उदयपुर लोकसभा सीट से सांसद मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
2 min read
Google source verification
Nitin Nabin new team Udaipur MP big responsibility Know who Mannalal Rawat

BJP New List : उदयपुर लोकसभा सीट से सांसद मन्नालाल रावत। फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई टीम में राजस्थान के चार नेताओं के बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान आज किया। इस टीम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने राजस्थान के वसुंधरा राजे, डॉ सतीश पूनिया, राजेश मंगल के साथ डॉ. मन्ना लाल रावत को भी मौका दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने डॉ. मन्ना लाल रावत को भाजपा की नई टीम में एसटी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है।

मन्नालाल रावत राजस्थान की उदयपुर लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। डॉ. मन्नालाल रावत ने 2 लाख 61 हजार 608 मतों उदयपुर लोकसभा सीट से विजय प्राप्त की थी। उनका मुकाबला कांग्रेस के उदयपुर के पूर्व जिला कलेक्टर और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ताराचंद मीना से हुआ, जो बुरी तरह से पराजित हुए।

लोकसभा में संस्कृत में शपथ ली थी

नवनिर्वाचित सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने लोकसभा में संस्कृत में शपथ लेकर सभी को चौंका दिया था। वे राजस्थान के पहले आदिवासी सांसद हैं, जिन्होंने लोकसभा में संस्कृत में शपथ ली थी।

सांसद से पहले वो करते थे सरकारी नौकरी

मन्नालाल रावत राजस्थान सरकार के परिवहन विभाग में एडिशनल कमिश्नर, जयपुर के पद पर कार्यरत थे। भाजपा ने जब उदयपुर लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी के रूप में चयन किया था, उस वक्त वह सरकारी नौकरी में थे। नाम की घोषणा के बाद डॉ. रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

मन्नालाल रावत ने पीएचडी की शिक्षा हासिल की

मन्नालाल रावत दक्षिणी राजस्थान के धरियावद क्षेत्र के चिकलाड़ गांव के बेहद साधारण कृषक परिवार से आते हैं। विषम परिस्थितियों में पले मन्नालाल ने अपनी मेहतन और योग्यता के बल पर बीएससी, एमए और पीएचडी की शिक्षा हासिल की है।

राजस्थान के 3 अन्य वरिष्ठ नेताओं को बड़े संगठनात्मक पदों से नवाजा गया

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की घोषित नई केंद्रीय कार्यकारिणी में राजस्थान के तीन प्रमुख वरिष्ठ नेताओं को बड़े संगठनात्मक पदों से नवाजा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राज्यसभा सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री और वरिष्ठ नेता राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिल्ली से हुए इस बड़े ऐलान के बाद जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा समेत पूरे राजस्थान के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश की राजनीति में पावर बैलेंस को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है।